
हाथरस 18 जुलाई। प्रदेश सरकार के कुपोषण मुक्त उत्तर प्रदेश के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से जनपद में ‘सम्भव (SAMbhav 6.0) अभियान-2026’ का आयोजन जुलाई से सितंबर तक किया जाएगा। अभियान के सफल एवं प्रभावी संचालन के लिए शासन द्वारा विस्तृत संयुक्त मार्गदर्शी सिद्धांत जारी किए गए हैं। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने बताया कि अभियान का संचालन बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा पंचायती राज विभाग के संयुक्त समन्वय से किया जाएगा। शासन के निर्देशानुसार मुख्य विकास अधिकारी को जनपद स्तर पर अभियान का नोडल अधिकारी नामित किया गया है, जो सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर अभियान की गतिविधियों का समयबद्ध एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित करेंगे। जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अभियान के दौरान निर्धारित दायित्वों का गंभीरता एवं उत्तरदायित्व के साथ निर्वहन करें तथा आपसी समन्वय स्थापित करते हुए प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 से संचालित सम्भव अभियान के माध्यम से गंभीर कुपोषित (SAM) बच्चों की पहचान, उपचार, अनुश्रवण और रिकवरी के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां प्राप्त हुई हैं। इसी क्रम में इस वर्ष ‘सम्भव 6.0’ अभियान का आयोजन “गर्भावस्था से बाल्यावस्था तक पोषण सुरक्षा” थीम पर किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत जीवन चक्र आधारित दृष्टिकोण अपनाते हुए गर्भवती एवं धात्री महिलाओं, नवजात शिशुओं तथा बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य में सुधार के लिए समन्वित प्रयास किए जाएंगे। साथ ही गंभीर कुपोषण (SAM) एवं मध्यम कुपोषण (MAM) की रोकथाम, समयबद्ध पहचान, उपचार तथा प्रभावी प्रबंधन पर विशेष जोर दिया जाएगा। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने सभी संबंधित विभागों से अभियान को जनभागीदारी के साथ मिशन मोड में संचालित करने का आह्वान करते हुए कहा कि सभी विभाग समन्वय, प्रतिबद्धता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि जनपद को कुपोषण मुक्त बनाने के लक्ष्य की दिशा में प्रभावी एवं स्थायी परिणाम प्राप्त किए जा सकें।





