Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 17 अक्टूबर । आगरा रोड पर देर रात गंगा स्नान के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी लोडर मैक्स गाड़ी अनियंत्रित होकर बरौस टोल प्लाजा के निकट एक खंभे से टकरा गई। टक्कर लगते ही गाड़ी में सवार महिलाओं और बच्चों सहित करीब एक दर्जन लोगों में चीख-पुकार मच गई। हादसे की आवाज सुनकर टोल प्लाजा पर मौजूद कर्मचारी मौके पर दौड़ पड़े और गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकाला। दुर्घटना में पिता-पुत्री घायल हो गए, जबकि अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आईं। घायलों को हाईवे एंबुलेंस की मदद से उपचार दिलाया गया। जानकारी के अनुसार आगरा के जेपी नगर निवासी हरिओम सिंह अपने परिवार के करीब एक दर्जन सदस्यों के साथ लोडर मैक्स गाड़ी में सवार होकर गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। गाड़ी में महिलाएं, पुरुष और बच्चे भी सवार थे। बताया गया कि रात करीब 12:30 बजे उनकी गाड़ी आगरा राजमार्ग स्थित टोल प्लाजा को पार करने के बाद अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे एक खंभे से जा टकराई। अचानक हुई टक्कर से गाड़ी में बैठे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। महिलाएं और बच्चे घबरा गए तथा चीख-पुकार शुरू हो गई। शोर सुनकर टोल प्लाजा पर तैनात कर्मचारी तत्काल मौके पर पहुंचे। कर्मचारियों ने गाड़ी में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और हाईवे एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पहुंची हाईवे एंबुलेंस के स्वास्थ्यकर्मियों ने मामूली रूप से घायल यात्रियों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया। वहीं हरिओम सिंह और उनकी पुत्री सोनम को अधिक चोटें आने के कारण एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने दोनों घायलों का उपचार किया। गनीमत रही कि हादसा अधिक गंभीर नहीं हुआ, अन्यथा गाड़ी में महिलाओं और बच्चों सहित एक दर्जन लोगों के सवार होने के कारण बड़ा हादसा हो सकता था। दुर्घटना के बाद परिवार के लोग काफी घबराए हुए नजर आए। टोल कर्मचारियों की तत्परता से सभी यात्रियों को समय रहते मदद मिल सकी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page