सादाबाद 20 नवंबर। बिसावर में शुक्रवार को खाटू श्याम जी के भक्तों द्वारा भव्य निशान पदयात्रा निकाली गई। यात्रा में शामिल सैकड़ों श्याम प्रेमी भक्ति गीतों और भजनों की धुन पर झूमते-नाचते हुए सादाबाद स्थित खाटू श्याम मंदिर पहुंचे। पूरे मार्ग में बाबा श्याम के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
पदयात्रा का शुभारंभ कस्बे के प्राचीन श्री बांके बिहारी जी मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना और निशान पूजन के साथ हुआ। हाथों में केसरिया और रंग-बिरंगे निशान लिए श्रद्धालु ‘हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा’ के जयघोष करते हुए आगे बढ़े। यात्रा बिसावर के प्रमुख मार्गों से होती हुई सादाबाद की ओर रवाना हुई।रास्ते में कई स्थानों पर स्थानीय लोगों और समाजसेवियों ने पुष्प वर्षा कर पदयात्रियों का स्वागत किया। सादाबाद स्थित खाटू श्याम मंदिर पहुंचने पर भक्तों ने बाबा के दरबार में निशान अर्पित किए और सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और महाआरती के पश्चात विशाल भंडारे व प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। धार्मिक आयोजन में कस्बा बिसावर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए सैकड़ों महिला, पुरुष और युवा भक्त शामिल रहे। इस अवसर पर मुख्य रूप से आदर्श अग्रवाल, अंकित अग्रवाल, विवेक बंसल, इशांत अग्रवाल, मयंक अग्रवाल, रामगोपाल ठाकुर ,दिनेश अग्रवाल, गोविंद अग्रवाल, कान्हा शर्मा, बेबी अग्रवाल, रेखा वर्मा आदि शामिल रहे।










