सादाबाद 25 नवंबर। जवाहर बाजार स्थित श्री रामलीला मैदान में श्री रामलीला समिति के तत्वावधान में बीते 10 दिनों से चल रही श्री कृष्ण लीला का कंस वध, श्याम सगाई और फूलों की होली के भव्य आयोजन के साथ समापन हो गया। अंतिम दिन भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का मंचन देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। कंस वध के मंचन के साथ ही पूरा पंडाल जयकारों से गूंज उठा। इसके बाद आयोजित श्याम सगाई और फूलों की होली ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
कृष्ण लीला के अंतिम प्रसंग में मथुरा नगरी को कंस के आतंक से मुक्त कराने के लिए बाल स्वरूप भगवान श्रीकृष्ण द्वारा कंस का वध किए जाने का सजीव मंचन किया गया। कंस वध होते ही दर्शकों ने भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए। इसके उपरांत श्याम सगाई का भव्य आयोजन किया गया। आकर्षक झांकी के माध्यम से प्रस्तुत किए गए इस धार्मिक प्रसंग में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और दान-पुण्य किया। इसके बाद फूलों की होली का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद एमडी हॉस्पिटल के चेयरमैन धर्मेंद्र गौतम एवं उनकी पत्नी अनिका गौतम ने भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी के स्वरूपों के साथ फूलों की होली की शुरुआत की। ठाकुरजी की आकर्षक झांकी के बीच श्रद्धालुओं पर फूलों की वर्षा की गई। रंग-बिरंगे फूलों से सजे मंच और भक्ति संगीत के बीच फूलों की होली का नजारा देखते ही बन रहा था। श्रद्धालु भी भक्ति के रंग में सराबोर होकर जमकर झूमे। फूलों की होली के उपरांत जमकर आतिशबाजी का नजारा देखने को मिला। समिति के पदाधिकारी द्वारा श्री कृष्ण लीला में सहयोग करने वाले सभी अतिथियों का धन्यवाद भी ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन सुधीर गर्ग द्वारा किया गया। इस दौरान श्री रामलीला समिति के अध्यक्ष आदित्य रावत, निशांत शर्मा, रवि चौधरी, उमेश शर्मा, अभिषेक पाराशर सहित नगर के प्रमुख गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने भगवान श्रीकृष्ण की झांकी के दर्शन कर फूलों की होली का आनंद लिया। दस दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन का समापन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में हुआ।










