सादाबाद 19 नवंबर। क्षेत्र के गांव जैतई में भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय व्यवसाय कार्यालय हाथरस की ओर से ग्राम पंचायत संतृप्ति शिविर का आयोजन किया गया। इसमें एसबीआई दिल्ली वृत्त के महाप्रबंधक एसवीएस नागेंद्र कुमार, आगरा परिक्षेत्र के उपमहाप्रबंधक संजय कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी पीएन यादव और नाबार्ड के डिप्टी डिवीजन डायरेक्टर नितिन कुमार ने ग्रामीणों को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
शिविर में एसबीआई के महाप्रबंधक एसवीएस नागेंद्र कुमार ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में ग्रामीणों की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। बैंकिंग सेवाओं को गांव के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत देश में करीब 60 करोड़ खाते खोले गए हैं, जिनमें से लगभग 20 करोड़ खाते भारतीय स्टेट बैंक के माध्यम से खोले गए हैं। इन खातों में करीब चार लाख करोड़ रुपये जमा हैं। उन्होंने ग्रामीणों को साइबर ठगी और बैंक खातों के दुरुपयोग के प्रति सचेत करते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति को लालच में आकर अपना बैंक खाता इस्तेमाल करने के लिए न दें। ऐसा करना खाताधारक के लिए परेशानी का कारण बन सकता है। खाता होल्ड होने या बैंकिंग संबंधी समस्या आने पर सीधे बैंक शाखा से संपर्क करें। उन्होंने सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के प्रति जागरूक होने का आह्वान किया। इस दौरान क्षेत्रीय प्रधानों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। उपमहाप्रबंधक संजय कुमार सिंह, सीडीओ पीएन यादव और नाबार्ड के अधिकारी नितिन कुमार ने भी ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए बैंकिंग सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में क्षेत्रीय प्रबंधक निरंजन मीणा ने सभी अतिथियों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर एसबीआई के लोकेश गोयल, एफआई मैनेजर दुर्ग सिंह, उप प्रबंधक प्रवीण सिंह, पंकज कुमार, मंजू बघेल, गौरव सिंह सहित बैंक के अधिकारी और ग्राहक सेवा केंद्र संचालक मौजूद रहे।









