हाथरस 22 सितम्बर। एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक ह्यूमन राइट्स (एडीएचआर) के तत्वावधान में मंगलवार को सेठ पी.सी. बागला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हाथरस के कॉन्फ्रेंस हॉल में रक्तदाता जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में आगामी 23 सितंबर को आयोजित होने वाले विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर को लेकर महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं युवाओं को रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही अधिक से अधिक लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डा.) महावीर सिंह छोंकर ने की, जबकि संचालन प्रो. राजेश कुमार ने किया। वक्ताओं ने रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए युवाओं से रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया। अध्यक्षीय संबोधन में प्रो. (डा.) महावीर सिंह छोंकर ने कहा कि एडीएचआर के तत्वावधान में आयोजित होने वाले रक्तदान शिविर में महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं बढ़-चढ़कर भाग लें। उन्होंने कहा कि रक्त का कोई मोल नहीं है और रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में सहायक बन सकता है।
संचालन करते हुए प्रो. राजेश कुमार ने कहा कि समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना समय की आवश्यकता है। चिकित्सकीय मानकों के अनुसार पात्र एवं स्वस्थ व्यक्ति द्वारा रक्तदान करना समाज के लिए महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने युवाओं से 23 सितंबर को होने वाले रक्तदान शिविर में उत्साहपूर्वक भाग लेने तथा अपने परिचितों और अन्य लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करने की अपील की। एडीएचआर के राष्ट्रीय महासचिव प्रवीन वार्ष्णेय ने कहा कि अभी तक रक्त की कोई फैक्ट्री या कारखाना नहीं बना है और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त मानव शरीर से स्वैच्छिक रक्तदान के माध्यम से ही प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी अनजान व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने सभी लोगों से 23 सितंबर को आयोजित रक्तदान शिविर में सहयोग कर इसे सफल बनाने की अपील की। एडीएचआर जिलाध्यक्ष कमलकांत दोवराबाल ने कहा कि संगठन का उद्देश्य है कि रक्त की कमी के कारण किसी व्यक्ति की जान न जाए। उन्होंने कहा कि मानवता का धर्म यही है कि जरूरत के समय हम दूसरों के काम आएं। उन्होंने समाज के सभी वर्गों, विशेषकर युवाओं से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया।
संगोष्ठी के अंत में छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित लोगों से 23 सितंबर को आयोजित होने वाले विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान करने तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की गई। इस अवसर पर जिला महासचिव शैलेन्द्र सांवलिया, राजेश वार्ष्णेय, रवि गुप्ता, मुरारी चौधरी, प्रीति वर्मा, किरण चौधरी, अंकिता, डा. वीरेश कुमार शर्मा, डा. संतोष कुमार, डा. संदीप बनाल, डा. के.एन. त्रिपाठी, डा. मो. दानिश, डा. ब्रजेश सिंह कुरावाह, डा. पी.के. शर्मा, डा. दीपा ग्रोवर, डा. साहब सिंह, डा. प्रेम किशोर, डा. हरिओम सारस्वत, डा. शालिनी अग्रवाल, डा. अनीता शर्मा, समस्त एक्यूआईसी सदस्य, डा. प्रीति वर्मा (अंग्रेजी), डा. पप्पू चौधरी, डा. सुनन्दा महाजन, डा. एम.पी. सिंह सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।










