Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 01 जून । जिले के लिए गर्व और गौरव का क्षण उस समय आया जब आरबीएस पब्लिक स्कूल के मेधावी छात्र उत्कर्ष गोयल ने देश की प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा JEE एडवांस-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया 367वीं रैंक प्राप्त की। उत्कर्ष की इस उपलब्धि ने न केवल विद्यालय बल्कि पूरे जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर दिया है। छात्र की इस ऐतिहासिक सफलता पर विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल देखने को मिला। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उत्कर्ष की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। विद्यालय के प्रबंधक रजनेश कुमार एवं प्रधानाचार्य राजेश यादव ने उत्कर्ष को प्रतीक चिन्ह और शॉल भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विद्यालय प्रशासन ने कहा कि उत्कर्ष की मेहनत, लगन और अनुशासन अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी सफलता यह साबित करती है कि दृढ़ संकल्प और निरंतर परिश्रम से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। वहीं, अपनी सफलता का श्रेय देते हुए उत्कर्ष गोयल ने कहा कि इस उपलब्धि में उनके शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि परिवार और गुरुजनों के निरंतर प्रोत्साहन ने उन्हें बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उत्कर्ष की इस उपलब्धि पर शिक्षकों, अभिभावकों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए भविष्य में और भी बड़ी सफलताएं हासिल करने की शुभकामनाएं दी हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page