
हाथरस 20 अगस्त । उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के आदेशानुसार आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हाथरस के तत्वावधान में प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में लोक अदालत के लिए जारी सम्मन एवं नोटिसों की अधिक से अधिक तामीला सुनिश्चित कराने और ज्यादा से ज्यादा वादों के निस्तारण पर जोर दिया गया।
बैठक जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण विनय कुमार के निर्देशानुसार अपर जनपद न्यायाधीश एवं लोक अदालत के नोडल अधिकारी प्रशान्त कुमार की अध्यक्षता में हुई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हाथरस की सचिव अनु चौधरी की उपस्थिति में विभिन्न विभागों के प्रशासनिक अधिकारियों ने बैठक में प्रतिभाग किया। अपर जनपद न्यायाधीश एवं नोडल अधिकारी प्रशान्त कुमार ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक वादों को चिन्हित किया जाए। साथ ही नियत वादों में जारी सम्मन एवं नोटिसों की अधिक से अधिक तामीला सुनिश्चित कराई जाए, ताकि संबंधित पक्षकार लोक अदालत में उपस्थित होकर अपने मामलों का आपसी सहमति एवं सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण करा सकें। उन्होंने संबंधित विभागों से लोक अदालत की सफलता के लिए प्रभावी समन्वय के साथ कार्य करने और लंबित मामलों के निस्तारण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा की। बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रकाशचन्द्र, अपर पुलिस अधीक्षक रामानन्द कुशवाह, उप संभागीय परिवहन अधिकारी लक्ष्मण प्रसाद, तहसीलदार सोनू बघेल, अधिशासी अभियंता विद्युत लव कुमार, कनिष्ठ अधीक्षक नगर पालिका परिषद महेन्द्र प्रताप, जिला पूर्ति अधिकारी विकास गौतम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Read More :-सिकंदराराऊ में अच्युत त्रिवेदी के निधन पर शोक की लहर, शोकसभा में दी श्रद्धांजलि
For Advertisement Address:-J383+8RV, Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101












