Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 13 नवंबर। श्री रामेश्वरदास अग्रवाल कन्या महाविद्यालय, हाथरस में शुक्रवार, 13 नवंबर को मतदाता साक्षरता क्लब के तत्वावधान में निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी, अलीगढ़ मंडल के पत्रांक संख्या क्षे.का.अली./1136/2026-27, दिनांक 12 नवंबर के निर्देशों के अनुपालन में आयोजित इस प्रतियोगिता का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर मंजू वर्मा के निर्देशन में किया गया। प्रतियोगिता का विषय ‘शुद्ध मतदाता सूची का महत्व और मतदान का महत्व’ रखा गया। इसमें स्नातक स्तर के विभिन्न विषयों की कुल 46 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। खास बात यह रही कि प्रतिभाग करने वाली 46 छात्राओं में से 38 छात्राएं 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी हैं।

प्रतियोगिता के समापन पर महाविद्यालय मतदाता साक्षरता क्लब की नोडल अधिकारी प्रोफेसर अंजू आर्य ने छात्राओं को भारतीय लोकतंत्र में मतदान के महत्व, निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता पंजीकरण, मतदाता पहचान पत्र तथा निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को बताया कि मतदान केवल एक अधिकार ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। प्रत्येक मतदाता को जाति, धर्म, भाषा एवं अन्य किसी भी प्रकार के प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना अपने विवेक के आधार पर योग्य प्रतिनिधि का चयन करना चाहिए। उन्होंने शुद्ध मतदाता सूची की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में गृह विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष प्रोफेसर रंजन सिंह का विशेष योगदान रहा। प्रतियोगिता के माध्यम से छात्राओं को मतदाता जागरूकता, लोकतांत्रिक मूल्यों और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page