
हाथरस 11 नवंबर । राजस्व विभाग में कनिष्ठ सहायक के पद पर चयनित 1146 अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ में नियुक्ति पत्र वितरित किए जाने के कार्यक्रम का बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार, हाथरस में सजीव प्रसारण किया गया। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा। इस अवसर पर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि नियुक्ति प्राप्त करने वाले नवनियुक्त कनिष्ठ सहायकों में से 10 अभ्यर्थियों को हाथरस जनपद में तैनाती मिली है। उन्होंने बताया कि राजस्व विभाग के अंतर्गत कनिष्ठ सहायकों की तैनाती तहसीलों एवं कलेक्ट्रेट में की जाती है।
जिलाधिकारी ने सभी नवनियुक्त कनिष्ठ सहायकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनपद में कार्यभार ग्रहण करने के बाद वे पूरी मेहनत, लगन और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कर्मचारी प्रशिक्षण को गंभीरता से लें और कार्यालय के प्रत्येक पटल पर होने वाले कार्यों की प्रक्रिया को अच्छी तरह समझें, ताकि उन्हें विभागीय कार्यप्रणाली का व्यापक अनुभव प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान और अनुभव का उपयोग करते हुए सभी नवनियुक्त कर्मचारी भविष्य में एक कुशल, जिम्मेदार एवं जनसेवा के प्रति समर्पित कर्मचारी के रूप में अपनी पहचान बनाएं। साथ ही शासन की मंशा के अनुरूप जनता को बेहतर एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।











