
सादाबाद 11 नवंबर। मंगलवार देर रात आतिशबाजी के दौरान निकली चिंगारी से पुलिस के माल मुकदमती वाहनों में भीषण आग लग गई। वासुदेव विद्या मार्ग पर पुलिस आवास के निकट खड़े इन वाहनों में आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और इसकी चपेट में आकर दर्जनों वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए।
घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जानकारी मिलते ही प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार सिंह सहित कोतवाली के समस्त पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। आग की भयावह स्थिति को देखते हुए तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंच गई और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक आग की लपटें दर्जनों वाहनों को अपनी चपेट में ले चुकी थीं। आग से वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि गोवर्धन पूजा के बाद देर रात क्षेत्र में आतिशबाजी की जा रही थी। इसी दौरान किसी व्यक्ति द्वारा छोड़ा गया रॉकेट अथवा अन्य पटाखा पुलिस आवास के निकट खड़े माल मुकदमती वाहनों पर गिर गया। इससे वाहनों में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। घटना में दर्जनों वाहनों के जलने से पुलिस विभाग को नुकसान हुआ है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए घटना की जांच की जा रही है।










