Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 07 अगस्त। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार आगामी पांच दिनों में 08 से 12 अगस्त के बीच जनपद में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान आसमान में मध्यम से घने बादल छाए रहने तथा स्थानीय स्तर पर तेज हवाओं, आंधी-तूफान और बिजली कड़कने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब एक से दो डिग्री सेल्सियस अधिक रह सकता है। इस दौरान हवा की दिशा उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पूर्व रहने तथा गति 6 से 11 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है।

मौसम को देखते हुए किसानों को सलाह दी गई है कि वर्षा न होने और आसमान साफ रहने पर ही बुवाई एवं अन्य कृषि कार्य करें। उर्वरक, कीटनाशी और रोगनाशी का छिड़काव भी मौसम साफ होने पर ही किया जाए। बारिश के बाद फसलों में कीट एवं रोगों की नियमित निगरानी करते रहें। अत्यधिक वर्षा की स्थिति में खेतों से पानी की निकासी का उचित प्रबंध करें तथा धान के खेतों की मेड़ों को मजबूत रखें, ताकि आवश्यकतानुसार बरसात का पानी खेतों में रुका रह सके। उर्द एवं मूंग आदि फसलों की बुवाई के साथ कीटनाशी, रोगनाशी, उर्वरक एवं सिंचाई संबंधी कार्य फिलहाल स्थगित रखने की सलाह दी गई है।

पशुपालकों को भी विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। पशुओं को सूखे एवं सुरक्षित स्थान पर रखें और उनके लिए स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था करें। पशुओं को पेड़ के नीचे अथवा बिजली के खंभों के पास बिल्कुल न बांधें, क्योंकि आंधी-तूफान के दौरान पेड़ की टहनियां गिरने या बिजली के खंभों में करंट उतरने से दुर्घटना हो सकती है। पशुओं को बरसात का जमा हुआ पानी न पिलाएं। बारिश के मौसम में पशुओं में किलनी और जूं के संक्रमण की संभावना बढ़ जाती है। इससे बचाव के लिए पशु बाड़े में चूने का छिड़काव करने की सलाह दी गई है।बारिश और आंधी के दौरान आमजन को भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। वर्षा के दौरान पेड़, टेलीफोन अथवा बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें, क्योंकि बिजली गिरने और खंभों में करंट उतरने का खतरा रहता है। रात के समय घर से बाहर निकलते समय टॉर्च साथ रखने तथा घर की दीवारों एवं छिद्रों को बंद रखने की सलाह दी गई है, जिससे सर्प एवं बिच्छू जैसे जहरीले जीवों से बचाव हो सके। प्रशासन एवं कृषि विशेषज्ञों ने मौसम की स्थिति को देखते हुए किसानों और आमजन से सतर्क रहने तथा आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page