Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 13 जुलाई। शहर के चर्चित प्रॉपर्टी डीलर वेदप्रकाश उर्फ सोनू हत्याकांड में पुलिस ने जांच पूरी करते हुए 17 आरोपियों के खिलाफ 430 पेज की चार्जशीट न्यायालय में दाखिल कर दी है। वहीं, मुख्य आरोपियों के चालक पवन, निवासी गिजरौली, की तलाश अभी भी जारी है। पुलिस का कहना है कि उसकी गिरफ्तारी के बाद उसके विरुद्ध भी विधिक कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी। गौरतलब है कि 6 अप्रैल की रात दिल्ली वाला चौक निवासी प्रॉपर्टी डीलर वेदप्रकाश उर्फ सोनू की हत्या कर दी गई थी। मामले में मृतक की बहन नीतू की तहरीर पर दिल्ली वाला चौक निवासी सगे भाई कमल शर्मा और गौरव शर्मा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि दोनों भाई मृतक पर मकान बेचने का दबाव बना रहे थे और इसी विवाद के चलते हत्या की गई। पुलिस जांच के दौरान इस हत्याकांड में एक के बाद एक कई लोगों की संलिप्तता सामने आई। जांच के अनुसार, कुल 18 लोगों ने मिलकर हत्या की साजिश और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक, पहले वेदप्रकाश को कार में बैठाकर बीएच ऑयल मिल स्थित कमल शर्मा की फैक्टरी ले जाया गया, जहां कथित रूप से उसके साथ मारपीट और यातनाएं दी गईं। इसके बाद उसकी हत्या कर शव को कार से ले जाकर सहपऊ क्षेत्र के एक गंदे नाले में फेंक दिया गया। शव 7 अप्रैल को बरामद हुआ था। शहर कोतवाल एवं विवेचक सतेंद्र राघव ने बताया कि मामले में गिरफ्तार किए जा चुके 17 आरोपियों के विरुद्ध चार्जशीट न्यायालय में दाखिल कर दी गई है। फरार चालक पवन की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस के अनुसार, घटना के समय पवन मौके पर मौजूद था और कथित रूप से उसी ने वाहन चलाकर शव को ठिकाने लगाने में भूमिका निभाई थी। मामले के मुख्य आरोपी कमल शर्मा और गौरव शर्मा को 17 अप्रैल को दिल्ली के अशोक विहार थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के अनुसार, एक आरोपी के पास से विदेशी पिस्टल तथा दूसरे के पास से तमंचा बरामद किया गया था। उनकी गिरफ्तारी को लेकर उस समय विभिन्न तरह की चर्चाएं भी हुई थीं। हालांकि, मामले की विवेचना एवं न्यायिक प्रक्रिया जारी है।

Next News :-हाथरस में सर्पदंश के बढ़े मामले, 24 घंटे में 14 मरीज पहुंचे जिला अस्पताल, 32 एंटी वेनम शीशियों का हुआ उपयोग

Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page