
हाथरस (मुरसान) 13 नवंबर। परिषदीय विद्यालयों की ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन जीएसएएस इंटर कॉलेज के खेल मैदान पर किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी गिरिराज सिंह के निर्देशन में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय ने फीता काटकर किया। प्रतियोगिता में संकुल स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले बालक एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्राथमिक स्तर की बालिका वर्ग की 50 मीटर दौड़ में अवनी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर दौड़ में खेड़ा परसोली की अवनी तथा 200 मीटर दौड़ में दाऊदा की मोहिनी विजेता रहीं। लंबी कूद में कोरना की सुनीता और गोला फेंक में दाऊदा के शनि ने प्रथम स्थान हासिल किया। प्राथमिक बालक वर्ग की 50 मीटर दौड़ में नगला बाबू के देव, 100 मीटर दौड़ में हिमांशु तथा 200 मीटर दौड़ में रिक्की ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं लंबी कूद में बामौली के छात्र आसिफ ने बाजी मारी।
जूनियर वर्ग की बालिका प्रतियोगिताओं में 100 मीटर दौड़ में वंशिका, 200 मीटर दौड़ में संजना तथा लंबी कूद में दीपिका ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जूनियर बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में कोरना के समीर और 200 मीटर दौड़ में हिमांशु विजेता रहे। लंबी कूद में दाऊदा के अमन ने प्रथम स्थान हासिल किया। कबड्डी प्रतियोगिता में रजत की कप्तानी में कोटा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर ब्लॉक व्यायाम शिक्षक जुगेंद्र चौधरी ने बताया कि ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले सभी खिलाड़ियों को जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कराया जाएगा। उन्होंने बच्चों की खेल प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी मेहनत और लगन के साथ खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी नरेंद्र पाठक, उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार शर्मा, योगेंद्र शर्मा, हरेंद्र ठेनुआ, गिर्राज किशोर, गौरव पचौरी, राघवेंद्र गुप्ता, अमित शर्मा, जितेंद्र कौशल, मणि भूषण शर्मा, शशिभूषण शर्मा, भगवानदास यादव, सौरव शर्मा, कृपाल सिंह, जगपाल सिंह, रणवीर सिंह, राजकुमार देशवाल, राजपाल सिंह, अमरजीत सिंह, विष्णु वर्मा, कपिल ढींगरा, सुगंध पाहवा, प्राची गौड़, शिक्षा वार्ष्णेय, मोनिका मौर्य, कल्पना सिंह, मीणा सागर, सीता शर्मा, खुशबू सिंह एवं शालिनी शर्मा सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।









