
हाथरस 27 नवंबर। उत्तर प्रदेश सरकार की महिला कल्याण, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार मंत्री तथा जनपद की प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य शुक्रवार को पहुंचीं। जनपद आगमन पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने बुके भेंटकर उनका स्वागत किया। प्रभारी मंत्री ने कलेक्ट्रेट सभागार में जनप्रतिनिधियों और जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था, जनकल्याणकारी योजनाओं और जनपद की शीर्ष प्राथमिकता वाली परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर महिला कल्याण विभाग की ओर से आयोजित विशेष हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य ने स्वयं हस्ताक्षर करके किया। उन्होंने उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को बाल विवाह की रोकथाम के लिए शपथ दिलाई। इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी हस्ताक्षर कर बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने का संकल्प लिया। इसके अलावा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को लैपटॉप वितरित किए गए।
बैठक में सबसे पहले कानून-व्यवस्था की समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने मिशन शक्ति के क्रियान्वयन, महिला संबंधी अपराधों और पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज मामलों की विवेचना, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के व्यक्तियों के विरुद्ध अपराधों में विवेचना और अभियोजन की प्रगति तथा गैंगस्टर अधिनियम के तहत चिन्हित अपराधियों एवं माफियाओं के विरुद्ध की गई कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई करने, लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने और जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने पुलिस विभाग द्वारा की गई कार्रवाई और कानून-व्यवस्था की स्थिति से अवगत कराया। इसके बाद प्रभारी मंत्री ने जनपद की शीर्ष प्राथमिकता वाली परियोजनाओं, विभिन्न विकास कार्यों और विभागीय जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे कराए जाएं तथा शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्ति तक समय से पहुंचाया जाए। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को नियमित रूप से विद्यालयों का भ्रमण एवं निरीक्षण करने और छात्र-छात्राओं को देय धनराशि उनके खातों में समय से हस्तांतरित कराने के निर्देश दिए। जिला समाज कल्याण अधिकारी को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को लाभान्वित करने को कहा। वहीं जिला कृषि अधिकारी से खाद वितरण की प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्धारित रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा टूटे हुए विद्युत खंभों और ढीले तारों की अभियान चलाकर तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गरीबों, जरूरतमंदों और किसानों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचे। उन्होंने विकास एवं निर्माण कार्यों के शिलान्यास और भूमि पूजन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित कराने पर भी जोर दिया। प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट किया कि आम जनमानस की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। जनप्रतिनिधियों द्वारा बैठक में उठाई गई समस्याओं और शिकायतों का तत्काल संज्ञान लेकर प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी। हमारा उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर बैठे पात्र व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ समय से पहुंचाना है।
बैठक में मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, विभिन्न पेंशन योजनाओं, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, पंचायतीराज विभाग के सामुदायिक शौचालय एवं पंचायत भवनों की स्थिति, आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण, पुष्टाहार वितरण और स्वास्थ्य सेवाओं सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति की भी विस्तार से समीक्षा की गई। उन्होंने अपूर्ण परियोजनाओं की नियमित समीक्षा कर उन्हें शीघ्र पूरा कराने, विकास कार्यों में तेजी लाने और प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं न्यायसंगत निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने खाद वितरण, सड़कों की मरम्मत, नहरों में पानी की उपलब्धता, ट्यूबवेलों को निर्धारित रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति, गांवों में सफाई व्यवस्था और अवैध खनन से संबंधित समस्याएं एवं सुझाव रखे। प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित कर इन समस्याओं का समयबद्ध समाधान कराने के निर्देश दिए। उन्होंने शासन स्तर पर लंबित पत्रों पर भी समय से प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। बैठक में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने जनपद की विशेष उपलब्धियों और विकास कार्यों की प्रगति से प्रभारी मंत्री को अवगत कराया। बैठक के अंत में उन्होंने मंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों का प्राथमिकता के आधार पर अनुपालन सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया। साथ ही जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं और दिए गए सुझावों पर प्रभावी कार्रवाई करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
इस अवसर पर सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, सदर विधायक एवं महिला एवं बाल विकास संबंधी संयुक्त समिति की सभापति अंजुला सिंह माहौर, सिकंदराराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राणा, सादाबाद विधायक प्रदीप कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, राष्ट्रीय लोकदल जिलाध्यक्ष श्याम सिंह, अपना दल जिलाध्यक्ष रवि सारस्वत, मुरसान ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय, सांसद प्रतिनिधि रजेश उर्फ गुड्डू, प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, प्रभागीय वनाधिकारी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।










