हाथरस 28 जुलाई। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने सोमवार को पुलिस कार्यालय स्थित सभागार कक्ष में पुलिस पेंशनर्स के साथ गोष्ठी आयोजित कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। गोष्ठी में क्षेत्राधिकारी नगर हिमांशु माथुर सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे। गोष्ठी के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस पेंशनर्स का अनुभव विभाग की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने समय-समय पर पुलिस पेंशनर्स के लिए कार्यशालाएं एवं सेमिनार आयोजित कर कानून, स्वास्थ्य एवं अन्य महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी उपलब्ध कराने की बात कही। साथ ही उन्होंने सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों से अपने अनुभव साझा कर नई पीढ़ी के पुलिसकर्मियों को व्यवहारिक पुलिसिंग एवं सेवा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं से अवगत कराने का आह्वान किया। पुलिस अधीक्षक ने गोष्ठी में उपस्थित सभी पुलिस पेंशनर्स को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने फर्जी फोन कॉल, एसएमएस, अनजान लिंक, डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर फ्रॉड से बचने की सलाह देते हुए कहा कि आधार कार्ड, पैन कार्ड, ओटीपी, सीवीवी अथवा अन्य किसी भी गोपनीय व्यक्तिगत जानकारी को किसी के साथ साझा न करें। उन्होंने कहा कि भले ही सभी पुलिस पेंशनर्स सेवा से सेवानिवृत्त हो चुके हैं, लेकिन वे हमेशा पुलिस परिवार के अभिन्न सदस्य रहेंगे। गोष्ठी का उद्देश्य पुलिस पेंशनर्स के साथ संवाद स्थापित करना, उनकी समस्याओं का समाधान करना तथा उन्हें वर्तमान समय की चुनौतियों, विशेषकर साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना रहा।











