
हाथरस 27 नवंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पत्नी जशोदाबेन गुरुवार देर शाम जिले के सादाबाद क्षेत्र स्थित ऊंचागांव पहुंचीं। यहां वह भाजपा के वरिष्ठ नेता सत्यप्रिय आर्य प्रधान के भतीजे प्रियव्रत आर्य के वैवाहिक समारोह में शामिल हुईं। उनके आगमन को लेकर परिवार और ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। जशोदाबेन के ऊंचागांव पहुंचने पर परिवार के सदस्यों ने बैंड-बाजे के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान उन पर पुष्पवर्षा की गई और स्मृति चिह्न भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया। उन्होंने परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर बातचीत की और नवदंपती के सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।
जशोदाबेन के आगमन की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों ग्रामीण उन्हें देखने के लिए समारोह स्थल पर पहुंच गए। लोगों में उनके साथ फोटो खिंचवाने को लेकर भी उत्साह दिखाई दिया। वैवाहिक समारोह में शामिल होने के बाद जशोदाबेन बलदेव स्थित दाऊबाबा के दर्शन करने के लिए रवाना हुईं। उनके साथ उनके भाई अशोक मोदी और परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। इस अवसर पर सत्यप्रिय आर्य प्रधान, विकास ओम आर्य, डॉ. विवेक प्रिय आर्य, रामप्रकाश आर्य, रंजीत कुमार, शिवा चौधरी और मुख्तार सिंह आर्य सहित परिवार के सदस्य एवं सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर स्थानीय पुलिस भी तैनात रही।









