Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 05 नवंबर। नगरीय निकायों में 15वें वित्त आयोग, अवस्थापना निधि, स्वच्छ भारत मिशन नगरीय सहित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत कराए जा रहे निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर विकास क्षेत्र के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने और कार्यों की प्रगति में अपेक्षित सुधार लाने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत कराए गए एवं स्वीकृत कार्यों, राज्य सेक्टर योजना के कार्यों, पेयजल व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट तथा स्थायी एवं अस्थायी अतिक्रमण के विरुद्ध की गई कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने नगर निकायों को विभिन्न मदों एवं योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त धनराशि और उसके सापेक्ष कराए गए कार्यों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को डीपीआर की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वीकृत कार्यों के सापेक्ष टेंडर प्रक्रिया तत्काल और पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाए तथा कार्यादेश समय से जारी किए जाएं। सभी स्वीकृत कार्यों की सूची तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए, ताकि उनकी प्रगति की नियमित समीक्षा की जा सके। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्यों में अनावश्यक विलंब अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने नगरीय क्षेत्रों में साफ-सफाई व्यवस्था प्रभावी बनाए रखने, आमजन को पर्याप्त एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराने तथा खराब स्ट्रीट लाइटों को चिह्नित कर तत्काल उनकी मरम्मत अथवा प्रतिस्थापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों एवं आमजन तक समय से पहुंचाना सुनिश्चित करें। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट, जिला सूचना अधिकारी, समस्त अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page