मथुरा 20 नवंबर। चिकित्सा क्षेत्र में के.डी. हॉस्पिटल के चिकित्सकों ने एक बार फिर अपनी विशेषज्ञता, समर्पण और कुशलता का परिचय देते हुए जन्मजात गंभीर बीमारी से पीड़ित एक नवजात शिशु (शिवांश) को नया जीवन प्रदान किया है। जन्म के समय बच्चे की भोजन नली और श्वास नली आपस में जुड़ी हुई थीं। इस जटिल स्थिति में समय रहते की गई सफल सर्जरी ने न केवल बच्चे की जान बचाई, बल्कि परिवार की खुशियां भी लौटाईं। जानकारी अनुसार, मथुरा के नरहोली निवासी महेश चौधरी ने अपनी पुत्रवधू का प्रसव के.डी. हॉस्पिटल के प्रसूति रोग विभाग में कराने का निर्णय लिया था। 6 अक्टूबर, को उनके घर बेटे शिवांश का जन्म हुआ। जन्म के बाद परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन जल्द ही बच्चे की तबीयत को लेकर चिंता बढ़ने लगी। बच्चे को दूध पिलाने पर उसके शरीर का रंग नीला पड़ने लगा तथा मुंह से लार आने और खांसी जैसी परेशानी होने लगी। परिजनों ने तत्काल बच्चे को शिशु रोग विशेषज्ञ को दिखाया। शिशु रोग विशेषज्ञ ने शिशु शल्य विशेषज्ञ डॉ. श्याम बिहारी से परामर्श लिया क्योंकि इस विकृति को वही ठीक कर सकते थे। डॉ. शर्मा ने आवश्यक जांच कराई जिससे पता चला कि बच्चे की भोजन नली और श्वास नली आपस में जुड़ी हुई हैं। चिकित्सा विज्ञान में इस जन्मजात विकृति को ट्रेकियो-इसोफेजियल फिस्टुला कहा जाता है। ऐसी स्थिति में बच्चे को सामान्य रूप से दूध पिलाना भी बेहद जोखिमपूर्ण हो सकता है। बच्चे की गम्भीर स्थिति को देखते हुए तत्काल ऑपरेशन की सलाह दी गई।
परिजनों की स्वीकृति के बाद सात अक्टूबर को बच्चे का ऑपरेशन किया गया। सर्जरी शिशु शल्य विशेषज्ञ डॉ. श्याम बिहारी शर्मा ने की। ऑपरेशन में उनका सहयोग डॉ. ऋतुराज तथा निश्चेतना विशेषज्ञ डॉ. श्रेया ने दिया। डॉ. श्याम बिहारी शर्मा ने बताया कि इस जटिल सर्जरी के दौरान भोजन नली को श्वास नली से अलग कर भोजन नली के दोनों सिरों को आपस में जोड़कर सामान्य मार्ग बनाया गया। ऑपरेशन के बाद नवजात शिशु को विशेष निगरानी के लिए नवजात शिशु इकाई (नियोनेटल यूनिट) में रखा गया, जहां डॉ. संध्या लता की देखरेख में उसकी समुचित देखभाल की गई।
उपचार का सकारात्मक परिणाम सामने आया और ऑपरेशन के दस दिन बाद बच्चे को मां का दूध पिलाना शुरू कर दिया गया। वर्तमान में बच्चे का वजन लगभग चार किलोग्राम है और वह पूरी तरह से स्वस्थ है। डॉ. शर्मा ने बताया कि भविष्य में भोजन नली में सिकुड़न की सम्भावना रहने पर आवश्यकता के अनुसार डाइलेशन प्रक्रिया से उसका उपचार किया जा सकता है।
इस सफल ऑपरेशन से नवजात के परिजनों में खुशी की लहर है। नवजात के माता-पिता ने के.डी. हॉस्पिटल के चिकित्सकों और पूरी मेडिकल टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। यह उपलब्धि दर्शाती है कि समय पर सही पहचान, विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के माध्यम से अत्यंत जटिल परिस्थितियों में भी मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सकता है।
संस्थान के चेयरमैन मनोज अग्रवाल ने डॉ. श्याम बिहारी शर्मा और उनकी टीम को बधाई देते हुए कहा कि हमारे लिए चिकित्सा सेवा व्यवसाय नहीं बल्कि मानवता की सेवा और जीवन बचाने का संकल्प है। किसी नवजात शिशु को नया जीवन देना और एक परिवार के चेहरे पर खुशियां लौटाना हमारे लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है। के.डी. हॉस्पिटल का सदैव प्रयास रहा है कि क्षेत्र के मरीजों को गंभीर से गंभीर बीमारियों का उपचार आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सकों के माध्यम से अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें उपचार के लिए दूर-दराज के शहरों में भटकना न पड़े। श्री अग्रवाल ने कहा कि मरीजों का विश्वास ही हमारी सबसे बड़ी पूंजी है और उस विश्वास पर खरा उतरना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।










