Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

मथुरा 13 नवंबर। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और सेल्सफोर्स तकनीक का समन्वय आज उद्योग जगत में क्रांतिकारी बदलाव ला रहा है। कम्पनियां अब ग्राहक संबंध प्रबंधन, व्यावसायिक निर्णय लेने और कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के लिए इन आधुनिक तकनीकों का तेजी से उपयोग कर रही हैं। ऐसे में सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उन युवाओं की मांग लगातार बढ़ रही है, जिन्हें एआई के साथ सेल्सफोर्स तकनीक का व्यावहारिक ज्ञान भी हो। यह बात कोड्लियो कंसल्टिंग में सेल्सफोर्स डेवलपर के रूप में कार्यरत विवेक तोमर ने राजीव एकेडमी फॉर टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट के बीसीए विभाग द्वारा आयोजित अतिथि व्याख्यान में कही।

बीसीए तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए आयोजित इस विशेष व्याख्यान का विषय ‘कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं सेल्सफोर्स तकनीक’ था। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को सूचना प्रौद्योगिकी के तेजी से बदलते स्वरूप, एआई की बढ़ती उपयोगिता तथा उद्यम स्तर पर ग्राहक संबंध प्रबंधन के लिए इस्तेमाल होने वाले सेल्सफोर्स मंच की आधुनिक कार्यप्रणाली से परिचित कराना था। विवेक तोमर ने अपने व्याख्यान में बताया कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता सेल्सफोर्स मंच की क्षमताओं को लगातार विस्तारित कर रही है। इसके माध्यम से कम्पनियां ग्राहकों की जरूरतों को बेहतर ढंग से समझने, आंकड़ों का विश्लेषण करने, नियमित कार्यों को स्वचालित बनाने तथा व्यावसायिक निर्णयों को अधिक सटीक और प्रभावी बनाने में सक्षम हो रही हैं। उन्होंने कहा कि एआई और सेल्सफोर्स का संयुक्त उपयोग केवल तकनीकी बदलाव नहीं है, बल्कि यह कम्पनियों के काम करने और ग्राहकों के साथ संबंध स्थापित करने के पारम्परिक तरीकों को भी नई दिशा दे रहा है।

उन्होंने विद्यार्थियों को एआई आधारित सेल्सफोर्स सुविधाओं के व्यावहारिक उपयोग की जानकारी देते हुए समझाया कि कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को वास्तविक औद्योगिक परिस्थितियों में किस प्रकार लागू किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा का वास्तविक लाभ तभी मिलता है, जब विद्यार्थी अपने ज्ञान को व्यावहारिक कौशल में बदलने की क्षमता विकसित करें। इसके लिए उन्होंने विद्यार्थियों को संबंधित तकनीकों में प्रमाण-पत्र हासिल करने, व्यावहारिक प्रशिक्षण लेने तथा परियोजना आधारित अध्ययन पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी।

श्री तोमर ने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी का क्षेत्र निरंतर परिवर्तनशील है। इसमें सफलता प्राप्त करने के लिए विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि नई तकनीकों को सीखने, प्रयोग करने और समय के साथ अपने कौशल को विकसित करने की आदत डालनी चाहिए। एआई और ग्राहक संबंध प्रबंधन तकनीक में दक्षता युवाओं के लिए राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी रोजगार और करियर के नए रास्ते खोल सकती है।

आरएटीएम के निदेशक डॉ. अमर कुमार सक्सेना ने कहा कि वर्तमान दौर में तकनीकी क्षेत्र में तेजी से बदलाव हो रहे हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों का सैद्धांतिक ज्ञान देने के साथ-साथ उनका व्यावहारिक अनुभव उपलब्ध कराना भी आवश्यक है। उद्योग जगत की वास्तविक जरूरतों से विद्यार्थियों को परिचित कराने में इस तरह के विशेषज्ञ व्याख्यान महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

संस्थान के चेयरमैन डॉ. रामकिशोर अग्रवाल ने कहा कि तकनीकी बदलावों के साथ रोजगार के स्वरूप और कार्यक्षेत्र की आवश्यकताएं भी बदल रही हैं। आज के प्रतिस्पर्धी दौर में विद्यार्थियों को पारम्परिक शिक्षा के साथ कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ग्राहक संबंध प्रबंधन और अन्य उभरती तकनीकों में भी दक्षता हासिल करनी होगी। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकों का ज्ञान और व्यावहारिक कौशल ही युवाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्ध रोजगार के बेहतर अवसरों के लिए तैयार कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page