Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 01 जून । कलेक्ट्रेट सभागार में आज माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश (प्रयागराज) द्वारा आयोजित वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में प्रदेश और जनपद स्तर पर शीर्ष 10 स्थानों में जगह बनाने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के लिए एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सदर विधायक श्रीमती अंजुला सिंह माहौर, सिकंद्राराऊ विधायक वीरेन्द्र सिंह राणा, सादाबाद विधायक प्रदीप कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, जिलाधिकारी अतुल वत्स तथा मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने संयुक्त रूप से होनहार विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, मेडल एवं प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के दौरान लखनऊ में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित मुख्य समारोह का कलेक्ट्रेट सभागार में सजीव (लाइव) प्रसारण भी दिखाया गया, जिसे उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने बेहद ध्यानपूर्वक सुना। समारोह को संबोधित करते हुए सदर विधायक श्रीमती अंजुला सिंह माहौर ने कहा कि आज सम्मानित हो रहे विद्यार्थियों में से ही अनेक बच्चे भविष्य में प्रशासन, विज्ञान, शिक्षा, राजनीति और समाज सेवा जैसे क्षेत्रों में देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि सफलता व्यक्ति की पृष्ठभूमि नहीं, बल्कि उसके परिश्रम और समर्पण को पहचानती है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने माता-पिता और गुरुजनों का सदैव सम्मान करने की सीख दी।

वहीं, सिकंद्राराऊ विधायक वीरेन्द्र सिंह राणा ने मेधावियों को बधाई देते हुए राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने एक अनूठी पहल का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक छात्र-छात्रा अपनी सफलता की खुशी में अपने प्रेरणास्रोत या किसी महान व्यक्तित्व के नाम पर एक पौधा अवश्य लगाए और उसके संरक्षण का संकल्प ले। सादाबाद विधायक प्रदीप कुमार ने ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम का उदाहरण दिया और कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद दृढ़ संकल्प और कठिन परिश्रम के बल पर कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। उन्होंने विशेष रूप से बेटियों द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में स्थापित किए जा रहे नए कीर्तिमानों की तारीफ की। कार्यक्रम के समापन पर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और टॉप-10 छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की सफलता में पूरे परिवार का मानसिक योगदान होता है, इसलिए यह जीत पूरे परिवार की है। उन्होंने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया के अनावश्यक उपयोग से दूरी बनाने की सलाह दी और इसके स्थान पर समाचार पत्रों व ज्ञानवर्धक पुस्तकों के अध्ययन की आदत विकसित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि अनुशासन ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है और बड़ी उपलब्धियां हासिल करने के लिए तपस्या के समान कठिन परिश्रम करना पड़ता है। जिलाधिकारी ने बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में भी भाग लेने के लिए प्रेरित किया। जिला विद्यालय निरीक्षक ने जानकारी देते हुए बताया कि हाईस्कूल में अपर्णा, आस्था सिंह, भावना, गौरांश वार्ष्णेय, भाग्यलक्ष्मी, शिवांश, वर्तिका, ध्रुव कुमार, ऋतुराज सिंह, मुस्कान, सत्येंद्र, भावना और अंकित कुमार ने जिला स्तर पर शीर्ष 10 में स्थान पाया है। वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा में दीक्षा, मीरा, रिया चौहान, जानवी कुशवाहा, नितिन कुमार, साक्षी यादव, नितिन, विश्वास सोलंकी, विनीत कुमार तथा बीना ने जनपद की टॉप-10 सूची में गौरवपूर्ण स्थान प्राप्त किया है। इस गरिमामयी कार्यक्रम में अधिवक्ता सुनील वर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षक, प्रधानाचार्य और भारी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे।

Next News :-मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत फ्री कोचिंग के लिए आवेदन शुरू, नीट, जेईई, यूपीएससी की तैयारी के साथ विषय विशेषज्ञों की भी होगी भर्ती

For Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page