Hamara Hathras

Latest News

हाथरस, 16 अक्टूबर 2026। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हाथरस पुलिस द्वारा मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में थाना सिकंदराराऊ पर कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की कक्षा आठ की छात्रा कु. रश्मि को एक दिन की थाना प्रभारी बनाया गया। इस दौरान छात्रा ने थाना कार्यालय में जनसुनवाई कर फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित पुलिसकर्मियों को शिकायतों के निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एक दिवसीय थाना प्रभारी के रूप में छात्रा रश्मि ने विभिन्न प्रार्थना पत्रों का संज्ञान लिया। कुछ मामलों में संबंधित पक्षों को थाने बुलाकर काउंसलिंग कराई गई और आपसी बातचीत के माध्यम से समस्याओं के समाधान का प्रयास किया गया। इस पहल के माध्यम से छात्रा को पुलिस की कार्यप्रणाली, जनसुनवाई की प्रक्रिया और आमजन की शिकायतों के निस्तारण में पुलिस की भूमिका को नजदीक से समझने का अवसर मिला।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा के उपायों, आत्मनिर्भरता और महिला सशक्तीकरण के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही महिला सुरक्षा एवं सहायता से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर उन्हें किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, परेशानी या असुरक्षा की स्थिति में बिना किसी संकोच के पुलिस से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। हाथरस पुलिस की इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं के मन से पुलिस के प्रति झिझक दूर करना, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना और नेतृत्व क्षमता विकसित करना है। मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से बालिकाओं को सामाजिक जिम्मेदारियों, जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता और निर्णय लेने की क्षमता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। हाथरस पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में बिना भय अथवा संकोच के पुलिस की सहायता प्राप्त करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page