हाथरस 16 अक्टूबर । भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद हाथरस की तीनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाता सूची को अद्यतन करने और पंजीकरण से छूटे पात्र नागरिकों के नाम शामिल करने के लिए शनिवार, 17 अक्टूबर को विशेष कैंप आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य ‘कोई मतदाता न छूटे’ के लक्ष्य को साकार करते हुए पात्र नागरिकों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करना है। प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी, हाथरस ने बताया कि विशेष कैंप के दौरान सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने मतदान केंद्रों पर सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक उपस्थित रहेंगे। इस दौरान विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के समय पंजीकरण से छूटे नागरिकों और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने का अवसर मिलेगा।
तीनों विधानसभा क्षेत्रों में चलेगा अभियान
जनपद की 78-हाथरस (अनुसूचित जाति), 79-सादाबाद और 80-सिकंदराराऊ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में यह विशेष अभियान चलाया जाएगा। पात्र नागरिक अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, किसी नाम पर आपत्ति दर्ज कराने अथवा पहले से दर्ज विवरण में संशोधन कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
जानिए किस काम के लिए कौन-सा फॉर्म भरें
- फॉर्म-6: मतदाता सूची में नया नाम शामिल कराने के लिए।
- फॉर्म-7: मतदाता सूची में दर्ज किसी नाम पर आपत्ति दर्ज कराने या नियमानुसार नाम हटाने के लिए।
- फॉर्म-8: मतदाता सूची में दर्ज विवरण में संशोधन कराने अथवा एक ही विधानसभा क्षेत्र में एक मतदान स्थल से दूसरे मतदान स्थल पर स्थानांतरण के लिए।
कैंप में साथ लेकर जाएं ये दस्तावेज
मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन करने वाले नागरिक अपनी नवीनतम फोटो, जन्मतिथि और निवास से संबंधित अभिलेखों की स्व-प्रमाणित छायाप्रतियां साथ लेकर जाएं। यदि परिवार के किसी सदस्य का मतदाता फोटो पहचान पत्र (EPIC) नंबर उपलब्ध है, तो उसे भी साथ ले जाना उपयोगी होगा।
यहां से प्राप्त कर सकते हैं आवेदन फॉर्म
विशेष कैंप के अतिरिक्त नागरिक निम्न माध्यमों से भी आवेदन कर सकते हैं:
- संबंधित मतदान केंद्र पर पदाभिहित अधिकारी या बीएलओ से फॉर्म प्राप्त कर जमा कर सकते हैं।
- तहसील कार्यालय में स्थापित मतदाता पंजीकरण केंद्र से आवेदन फॉर्म ले सकते हैं।
- जिला निर्वाचन कार्यालय से भी फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं।
- ऑनलाइन आवेदन के लिए निर्वाचन आयोग के ECINET मोबाइल ऐप अथवा आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in का उपयोग कर सकते हैं।
निर्वाचन विभाग ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे विशेष कैंप का लाभ उठाएं और मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज होने की स्थिति सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे।









