लखनऊ 27 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश में आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) के अंतर्गत मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। सूचना निदेशालय के सभागार में सूचना निदेशक विशाल सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में इस सुविधा के लिए विकसित नवीन पोर्टल के संचालन पर विस्तृत चर्चा की गई। सूचना निदेशक ने पोर्टल को Go-Live करने की सहमति प्रदान की। इसके बाद स्टेट हेल्थ एजेंसी, आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अधिकारियों ने पोर्टल की कार्यप्रणाली का प्रस्तुतिकरण किया। प्रशिक्षण के दौरान मान्यता प्राप्त पत्रकारों के आयुष्मान कार्ड जारी करने, आवेदन करने, सत्यापन और कार्ड डाउनलोड करने की पूरी प्रक्रिया का लाइव डेमो दिया गया। इसमें सूचना निदेशालय मुख्यालय सहित प्रदेश के सभी जिला सूचना कार्यालयों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि पोर्टल को सरल और सुगम बनाया गया है, ताकि अधिक से अधिक मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके परिजनों को इस सुविधा का त्वरित लाभ मिल सके।
सूचना निदेशक ने प्रदेश के सभी जनपदीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों के आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बने हैं, उनका विवरण सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए एक सप्ताह के भीतर पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि इस संबंध में मुख्यालय को अवगत कराया जाए, जिससे आगे की कार्रवाई शीघ्र पूरी की जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए। बैठक में वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी संजय कुमार सिंह, सहायक निदेशक सतीश चन्द्र भारती, डॉ. जितेन्द्र प्रताप सिंह, अमित कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।








