Hamara Hathras

Latest News

मथुरा 04 अक्टूबर। पवित्र तीर्थस्थल वृंदावन की स्वच्छता, सुंदरता और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के उद्देश्य से केडी विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा सेवा संकल्प अभियान के तहत ऐतिहासिक केशी घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। चंद्रोदय मंदिर के एचएच विश्वप्रसन्न तीर्थ स्वामीजी के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान में केडी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मनेष लाहौरी, कुलसचिव डॉ. विकास कुमार अग्रवाल तथा छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। अभियान में केडी मेडिकल कॉलेज एवं केडी डेंटल कॉलेज के लगभग 50 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। विद्यार्थियों ने मंदिर के स्वयंसेवकों और स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर केशी घाट तथा यमुना तट के आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने एकत्रित कचरे के संग्रहण और उचित निस्तारण में सहयोग प्रदान किया। अभियान का उद्देश्य केवल सार्वजनिक स्थलों की सफाई तक सीमित नहीं था, बल्कि विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरण संरक्षण और धार्मिक-सांस्कृतिक धरोहरों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना भी था। विद्यार्थियों ने अपनी सक्रिय भागीदारी के माध्यम से यह संदेश दिया कि पवित्र स्थलों की स्वच्छता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। के.डी. यूनिवर्सिटी के प्रो-चांसलर मनोज अग्रवाल ने अपने संदेश में कहा कि स्वच्छता किसी अभियान तक सीमित रहने वाला कार्य नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की दैनिक जिम्मेदारी है। वृंदावन जैसी आध्यात्मिक एवं विश्वप्रसिद्ध नगरी को स्वच्छ रखना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। विद्यार्थियों की सहभागिता समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

कुलपति डॉ. मनेष लाहौरी ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक रूप से सक्षम बनाना ही नहीं, बल्कि उन्हें सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक नागरिक बनाना भी है। स्वच्छता, सेवा और पर्यावरण संरक्षण जैसे अभियानों में युवाओं की भागीदारी स्वस्थ एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। कुलसचिव डॉ. विकास कुमार अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छता के प्रति जागरूकता तभी प्रभावी होगी, जब समाज का प्रत्येक वर्ग इसमें अपनी जिम्मेदारी निभाए। विद्यार्थियों ने अभियान में उत्साह के साथ भाग लेकर यह संदेश दिया है कि युवा शक्ति सामाजिक बदलाव की मजबूत आधारशिला बन सकती है। स्वच्छता अभियान के बाद प्रतिभागियों के लिए वृंदावन चंद्रोदय मंदिर के दर्शन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां विद्यार्थियों ने मंत्रोच्चार, आरती और दर्शन में भाग लिया। सेवा और आध्यात्मिकता के इस संगम ने कार्यक्रम को विशेष स्वरूप प्रदान किया। कार्यक्रम के समापन पर केडी विश्वविद्यालय और वृंदावन चंद्रोदय मंदिर की ओर से अभियान में सहभागी सभी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की गई। केडी विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की सहभागिता ने यह संदेश दिया कि शिक्षा का उद्देश्य केवल शैक्षणिक ज्ञान अर्जित करना नहीं, बल्कि जिम्मेदार नागरिक बनकर समाज और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना भी है। अभियान ने यह संकल्प दोहराया कि पवित्र स्थलों की स्वच्छता बनाए रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक सेवा और आस्था का प्रतीक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page