हाथरस 21 जून। द कैंब्रिज इंटरनेशनल स्कूल में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योग के महत्व को आत्मसात किया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकालीन सभा से हुई, जिसमें सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सामूहिक रूप से विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। योगाभ्यास के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा शारीरिक एवं मानसिक संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री मुकेश कुमार नगाइच ने विद्यार्थियों को विभिन्न योगासनों के लाभों की जानकारी देते हुए नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से एकाग्र तथा भावनात्मक रूप से संतुलित बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विद्यालय के डायरेक्टर एवं ब्लॉक प्रमुख श्री रामेश्वर उपाध्याय ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मविश्वास और एकाग्रता प्राप्त करने का प्रभावी साधन भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में योग विषयक पोस्टर एवं चार्ट प्रदर्शित किए गए, जिनके माध्यम से योग के महत्व एवं लाभों को सरल और प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थित जनों द्वारा “सर्वे भवन्तु सुखिनः” मंत्र के सामूहिक उच्चारण के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
























