
सिकन्दराराऊ (हसायन) 14 नवंबर। विकासखंड हाथरस क्षेत्र के संविलियन विद्यालय नगला अडू में शनिवार, 14 नवंबर को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर बाल दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विभिन्न शैक्षिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के तहत निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें बच्चों ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के साथ अन्य बच्चों को भी पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस दौरान शिक्षकों ने बच्चों को बाल दिवस के महत्व के बारे में जानकारी दी। साथ ही पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन, विचारों और बच्चों के प्रति उनके विशेष स्नेह के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्रम में इंचार्ज प्रधानाध्यापक यतेंद्र कुमार, सहायक अध्यापिका प्रेमलता, प्रेम प्रकाश, योगेश कुमार, प्रमोद कुमार सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक उपस्थित रहे।







