सिकन्दराराऊ (हसायन) 15 अक्टूबर। जनपद के विकासखंड की न्याय पंचायत श्रीनगर क्षेत्र के गांव राम नगरिया में सालों से मुख्य मार्ग पर जलभराव की समस्या बनी हुई है। सड़क पर लंबे समय से पानी जमा रहने के कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामकाज में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं है। सड़क के एक तरफ नाली बनी हुई है, जबकि दूसरी तरफ नाली नहीं होने और समय पर साफ-सफाई न होने के कारण पानी रास्ते पर जमा रहता है। इससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को आने-जाने में काफी दिक्कत होती है। लंबे समय से जलभराव के कारण आसपास गंदगी बढ़ रही है और मच्छरों के पनपने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों को आशंका है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो मौसमी और संक्रामक बीमारियां फैल सकती हैं।
गांव के खजान सिंह, शैलेन्द्र, बहादुर, चरन सिंह, लोकेश, विजय सिंह, राधेश्याम, नेम सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से जलभराव की पुरानी समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में जल निकासी के लिए समुचित नालियों का निर्माण कराने के साथ नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि सड़क पर पानी जमा न हो और लोगों को गंदगी व बीमारियों के खतरे से राहत मिल सके। अब ग्रामीणों को इंतजार है कि जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या पर कब ध्यान देते हैं और उन्हें जलभराव से निजात दिलाने के लिए क्या कदम उठाते हैं।









