
हाथरस 20 अक्टूबर । महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से हाथरस पुलिस द्वारा मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस टीमें महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी उपायों, कानूनी अधिकारों तथा शासन की महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दे रही हैं। अभियान के अंतर्गत जनपद के सभी थानों की मिशन शक्ति टीमों एवं एंटी रोमियो टीमों द्वारा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों, कस्बों, गांवों, बाजारों, मंदिरों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सम्मान, आत्मनिर्भरता और महिला सशक्तीकरण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जा रही हैं। पुलिस टीमों द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को छेड़छाड़, उत्पीड़न, घरेलू हिंसा अथवा किसी अन्य अप्रिय घटना की स्थिति में बिना किसी भय या संकोच के पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और किसी भी प्रकार के अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
जागरूकता अभियान के दौरान महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन पुलिस सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर हेल्पलाइन 1930 सहित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा महिलाओं एवं बालिकाओं को साइबर अपराध, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन ठगी और डिजिटल माध्यमों से होने वाले उत्पीड़न के प्रति जागरूक करते हुए सतर्क रहने की अपील की जा रही है। मिशन शक्ति फेज-6.0 के माध्यम से पुलिस जनसहभागिता को बढ़ावा देने के साथ महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और जरूरत पड़ने पर पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित कर रही है। अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और भयमुक्त वातावरण तैयार करने में जनसहयोग सुनिश्चित करना है। हाथरस पुलिस ने आमजन से अपील की है कि महिला सुरक्षा को केवल पुलिस की जिम्मेदारी न समझें, बल्कि इसे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी मानते हुए महिलाओं एवं बालिकाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहयोग करें।










