Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 20 नवंबर। जनपद में बंदरों की बढ़ती संख्या और उनके कारण आमजन को होने वाली परेशानियों को देखते हुए जिला प्रशासन ने मानव-बंदर संघर्ष को कम करने की दिशा में पहल तेज कर दी है। शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 को जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में अंतर्विभागीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद में बंदरों की वर्तमान स्थिति और उनकी बढ़ती संख्या पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में बंदरों की अनुमानित संख्या का आकलन कराने के निर्देश दिए। साथ ही मानव-बंदर संघर्ष के प्रमुख कारणों का विस्तृत अध्ययन कर बंदरों की संख्या में लगातार हो रही वृद्धि के कारणों को चिह्नित करने और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अभियान के तहत पकड़े जाने वाले बंदरों को सुरक्षित रखने के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से रेस्क्यू सेंटर तैयार कराने की कार्ययोजना बनाएं। इसके साथ ही पकड़े गए बंदरों को निर्धारित स्थानों पर सुरक्षित रूप से छोड़े जाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। बंदरों के प्राकृतिक आवास को विकसित करने पर जोर देते हुए जिलाधिकारी ने चिन्हित वन क्षेत्रों को सघन बनाने तथा वहां अधिक से अधिक फलदार वृक्षों का रोपण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बंदरों के लिए प्राकृतिक आवास और भोजन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने से मानव बस्तियों में उनकी आवाजाही को कम करने में मदद मिल सकती है।

जिलाधिकारी ने कहा कि मानव-बंदर संघर्ष की समस्या का स्थायी समाधान केवल प्रशासनिक प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें जनसहभागिता भी बेहद जरूरी है। इसके लिए जनजागरूकता एवं जनसहयोग संवाद कार्यक्रम आयोजित कर नागरिकों को जागरूक किया जाए। उन्होंने जनपद में कपि वन की स्थापना को बढ़ावा देने के निर्देश देते हुए कहा कि इस दिशा में ठोस प्रयास किए जाएं, जिससे बंदरों और मनुष्यों के बीच होने वाले संघर्ष तथा अप्रिय घटनाओं को कम किया जा सके। बैठक में जिला विकास अधिकारी, प्रभागीय वनाधिकारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस, उप निदेशक कृषि, जिला उद्यान अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका एवं अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page