
हाथरस 03 सितम्बर। जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केन्द्र द्वारा जनपद के रबड़ी कार्य से जुड़े हलवाइयों के लिए संचालित “एक जनपद एक व्यंजन (ODOP) वित्तपोषण हेतु सहायता योजना” के आवेदन शुरू कर दिए गए हैं। योजना के तहत हलवाई अपने नए प्रतिष्ठान की स्थापना अथवा मौजूदा प्रतिष्ठान के विस्तारीकरण के लिए रियायती शर्तों पर वित्तीय सहायता (लोन) प्राप्त कर सकते हैं। उपायुक्त उद्योग रामेन्द्र कुमार ने सर्वसाधारण को योजना का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि योजना के लिए आवेदक की आयु कम से कम 18 वर्ष होनी चाहिए। इसके लिए किसी प्रकार की शैक्षिक योग्यता अनिवार्य नहीं है। विशेष श्रेणी के आवेदकों, जिसमें अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, महिला, दिव्यांगजन एवं ट्रांसजेंडर शामिल हैं, को संबंधित प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना होगा। आवेदक अथवा उसके परिवार के किसी सदस्य को इस योजना के तहत केवल एक बार लाभ दिया जाएगा। साथ ही आवेदक द्वारा पूर्व में भारत सरकार अथवा उत्तर प्रदेश सरकार की किसी अन्य स्वरोजगार योजना का लाभ प्राप्त नहीं किया गया होना चाहिए।
परियोजना लागत के अनुसार मिलेगी मार्जिन मनी
योजना के अंतर्गत परियोजना लागत के आधार पर मार्जिन मनी की सुविधा निर्धारित की गई है। 25 लाख रुपये तक की परियोजना लागत पर परियोजना लागत का 25 प्रतिशत अथवा अधिकतम 6.25 लाख रुपये, जो भी कम हो, मार्जिन मनी के रूप में अनुमन्य होगी। इसी प्रकार 25 लाख से अधिक और 50 लाख रुपये तक की परियोजना लागत पर परियोजना लागत का 20 प्रतिशत अथवा 6.25 लाख रुपये, जो भी अधिक हो, मार्जिन मनी दी जाएगी। 50 लाख से अधिक और 1.5 करोड़ रुपये तक की परियोजना लागत पर परियोजना लागत का 10 प्रतिशत अथवा 10 लाख रुपये, जो भी अधिक हो, की मार्जिन मनी का प्रावधान है। वहीं 1.5 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजना लागत पर परियोजना लागत का 10 प्रतिशत अथवा अधिकतम 50 लाख रुपये, जो भी कम हो, मार्जिन मनी के रूप में अनुमन्य होगी। योजना के तहत सामान्य श्रेणी के लाभार्थियों को परियोजना लागत का 10 प्रतिशत स्वयं के अंशदान के रूप में जमा करना होगा, जबकि विशेष श्रेणी के लाभार्थियों के लिए स्वयं का अंशदान 5 प्रतिशत निर्धारित किया गया है। जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केन्द्र ने रबड़ी निर्माण एवं बिक्री के कार्य से जुड़े इच्छुक हलवाइयों से योजना का लाभ उठाने के लिए आवेदन करने की अपील की है।













