सादाबाद 07 अप्रैल । जलेसर पर स्थित एक गंदे नाले में मंगलवार सुबह अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। राहगीरों की सूचना पर स्थानीय पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवाकर जांच-पड़ताल शुरू की। दोपहर बाद ही पुलिस ने शव की शिनाख्त कर ली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक युवक के सिर और पैरों पर चोट के निशान थे, जिससे मामला संदिग्ध लग रहा है। मौके से एक क्षतिग्रस्त मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है। युवक के हाथ में घड़ी बंधी हुई थी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वह आसपास के किसी क्षेत्र का निवासी हो सकता है। हालांकि, काफी देर तक ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही, लेकिन शव की पहचान नहीं हो सकी। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। अज्ञात शव मिलने की खबर से इलाके में दहशत फैल गई और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन इसमें सफलता नहीं मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अधिकारियों का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। इसके साथ ही, बरामद क्षतिग्रस्त मोबाइल फोन के आधार पर दोपहर तक मृतक युवक की पहचान 48 वर्षीय वेद प्रकाश शर्मा उर्फ सोनू पुत्र राम प्रकाश शर्मा निवासी राधे दिल्ली वाला मोहल्ला थाना कोतवाली सदर हाथरस के रूप में हुई। परिवार के लोगों के मुताबिक कल रात्रि 8 बजे के लगभग सोनू अपने घर से चला गया था और उसके बाद वह वापस नहीं लौटा। सोनू अविवाहित था। सोनू को कुछ लोगों से जान का खतरा था और उसने कुछ दिन पहले ही इस मामले में पुलिस अधिकारियों को शिकायती पत्र भी भेजा था। सोनू की बहन नीतू शर्मा ने सहपऊ कोतवाली में तहरीर दी है कि उसके भाई की हत्या कमल और गौरव पुत्रगण हरीश शर्मा उर्फ कुल्लो पहलवान निवासी दिल्ली वाला मोहल्ला थाना कोतवाली सदर हाथरस ने की है। तहरीर में कहा गया है कि यह लोग उसके भाई का मकान हड़पना चाहते थे। इन लोगों ने पहले भी उसके भाई के साथ मारपीट की थी। 15 दिन से यह लोग उसके भाई पर मकान बेचने के लिए दबाव बना रहे थे। यह लोग माफिया किस्म के लोग हैं। इनके विरुद्ध पहले भी मुकदमे दर्ज हैं। वसूली करना और मकान, दुकान हड़पने के अवैध धंधे में लिप्त हैं। इस मामले में सीओ सादाबाद अमित पाठक का कहना है कि इस मामले में तहरीर मिल गई है और मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।





















