
सासनी 05 अप्रैल । ग्राम बांधनू में श्री महादेव जी के 79वें ऐतिहासिक मेले के अंतर्गत आयोजित ‘रसिया कार्यक्रम’ का शुभारंभ रविवार को अत्यंत भव्य और सांस्कृतिक वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन डॉ. विकास शर्मा (फोकस अल्ट्रासाउंड, हाथरस) द्वारा किया गया। इस अवसर पर सासनी थाना प्रभारी अवधेश जादौन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम संयोजक एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष विवेक उपाध्याय ने अतिथियों का पटका पहनाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर भव्य स्वागत किया। जनसमूह को संबोधित करते हुए डॉ. विकास शर्मा ने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक मेले हमारी सभ्यता और लोक परंपराओं के जीवंत प्रतीक हैं। रसिया जैसे कार्यक्रम नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और गौरवशाली विरासत से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने महादेव मेले को सामाजिक समरसता का एक सशक्त मंच बताया और आयोजन समिति की सराहना की।
संयोजक विवेक उपाध्याय ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि यह ऐतिहासिक मेला हमारी सांस्कृतिक धरोहर और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से समाज में प्रेम और सांस्कृतिक चेतना को नई ऊर्जा मिलती है। रसिया कार्यक्रम के दौरान लोक संस्कृति की मधुर धारा बही, जिसने उपस्थित हजारों की भीड़ को भावविभोर कर दिया। समारोह में मेला प्रधान रामप्रकाश उपाध्याय, उपप्रधान पप्पू राठौर, कोषाध्यक्ष भूपेंद्र शर्मा, सियाराम उपाध्याय, कालीचरन मस्ताना, योगेश शर्मा, सुखवीर सिंह, मनोज उपाध्याय, सुशील उपाध्याय, राजू चक्की वाले, हरिशंकर उपाध्याय, जीतू उपाध्याय, सचिन उपाध्याय, हिमांशु सेंगर और बृजेश ठाकुर सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। समूचा आयोजन धार्मिक आस्था, लोक संगीत और सामाजिक एकता का सुंदर संगम साबित हुआ।






















