Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ 04 मई । तहसील क्षेत्र की भूतेश्वर कॉलोनी में सोमवार को स्मार्ट मीटरों की कार्यप्रणाली और बढ़ते बिजली बिलों के विरोध में सैकड़ों महिलाओं ने उग्र प्रदर्शन किया। महिलाओं का आरोप है कि जब से घरों में स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं, तब से बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है, जिससे उनका घरेलू बजट पूरी तरह चरमरा गया है। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने बिजली विभाग और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि पहले लगे सामान्य मीटरों में उनका मासिक बिल 800 से 1000 रुपये तक आता था, जिसे वे मजदूरी कर आसानी से जमा कर देती थीं। लेकिन स्मार्ट मीटर लगने के बाद यही बिल अब 2000 से लेकर 5000 रुपये तक आ रहा है। महिलाओं ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि हम मेहनत-मजदूरी करके अपने बच्चों का पेट पालें या बिजली विभाग का यह भारी-भरकम बिल भरें? यह स्मार्ट मीटर हमारे लिए किसी अभिशाप से कम नहीं हैं। महिलाओं ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इन स्मार्ट मीटरों को जल्द नहीं बदला गया, तो वे सभी मीटरों को उखाड़कर सड़क पर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगी। उन्होंने दोटूक शब्दों में कहा कि यह मीटर गरीबों को ‘कंगाल’ बना रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में स्थिति बिगड़ती है, तो इसकी पूर्ण जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। इस दौरान कॉलोनी की सैकड़ों महिलाएं और स्थानीय निवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page