
अलीगढ़ 04 मई । मंगलायतन विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग द्वारा फोटोग्राफी वर्कशॉप का आयोजन किया गया। “लर्न, क्रिएट, कम्युनिकेट” थीम पर आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को फोटोग्राफी के क्षेत्र में व्यावहारिक ज्ञान उपलब्ध कराना रहा। कार्यशाला के मुख्य वक्ता प्रख्यात सिनेमैटोग्राफर एवं लवली प्रोफेशनल विश्वविद्यालय के सहायक प्राध्यापक क्रांति आनंद ने विद्यार्थियों को कैमरा संचालन, फ्रेमिंग, लाइटिंग, एंगल चयन और विजुअल स्टोरीटेलिंग की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि फोटोग्राफी केवल तस्वीर लेना नहीं, बल्कि भावनाओं और विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की कला है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को संवादात्मक सत्र, व्यावहारिक प्रदर्शन, और प्रायोगिक प्रशिक्षण के माध्यम से आधुनिक फोटोग्राफी तकनीकों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही सिनेमैटोग्राफी के क्षेत्र में करियर संभावनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। डीन एकेडमिक प्रो. अम्बरीष शर्मा ने मुख्य वक्ता को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। विभागाध्यक्ष प्रो. जितेंद्र सिंह ने बताया कि इस प्रकार की कार्यशालाएं विद्यार्थियों के कौशल विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यशाला में विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। आभार व्यक्त डा. मनीषा उपाध्याय ने किया। संचालक मयंक जैन ने किया। इस अवसर पर योगेश कौशिक, नीलकांत तिवारी, याशिका गुप्ता आदि थे।


























