Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 03 मई । हाथरस मार्ग पर एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसकी मदद से पुलिस ने कार चालक को पकड़ लिया है। घायल युवक की पहचान बढ़ार निवासी मोहन कुमार के रूप में हुई है। हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायल मोहन को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद पहुंचाया। घटना की सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के दौरान मोहन को बाहरी तौर पर मामूली चोटें बताई गईं, जिसके बाद चिकित्सकों ने उसे छुट्टी दे दी। हालांकि, घर पहुंचने के बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और दर्द बढ़ गया। परिजनों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उसे तुरंत आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है। उच्च अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। कस्बा इंचार्ज अंकित चौधरी के अनुसार, पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की और तकनीकी मदद से कार का नंबर ट्रेस कर लिया। तेजी से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने संबंधित कार को चालक सहित हिरासत में ले लिया। चालक से पूछताछ के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि सड़क पर लापरवाही और तेज रफ्तार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है, इसके बावजूद ऐसे हादसे चिंता का विषय बने हुए हैं। इस घटना में सीसीटीवी फुटेज पुलिस के लिए एक अहम सबूत साबित हुआ, जिसकी मदद से आरोपी वाहन और चालक तक पहुंचना संभव हो सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page