Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 26 अप्रैल । उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के तत्वावधान में आयोजित होमगार्ड भर्ती की लिखित परीक्षा दूसरे दिन भी जिले के 12 केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से जारी रही। 27 अप्रैल तक चलने वाली इस परीक्षा में प्रशासन पारदर्शिता को लेकर पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। रविवार को आयोजित परीक्षा में भी अभ्यर्थियों का उत्साह देखा गया, वहीं सुरक्षा मानकों के पालन में कोई ढिलाई नहीं बरती गई। परीक्षा के लिए निर्धारित प्रत्येक पाली में 4416 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई थी। आंकड़ों के अनुसार, आज दूसरी दिन की पहली पाली में 3471 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 945 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। इसी प्रकार, दूसरी पाली में 3555 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए और 861 अनुपस्थित दर्ज किए गए।

परीक्षा की शुचिता बरकरार रखने के लिए केंद्रों पर सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। केंद्रों में प्रवेश से पूर्व अभ्यर्थियों की गहन तलाशी ली गई। निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए कई केंद्रों पर अभ्यर्थियों के जूते-मोजे तक उतरवाकर जांच की गई। सभी परीक्षा केंद्र सीसीटीवी कैमरों की सतत निगरानी में हैं और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा लगातार केंद्रों का औचक निरीक्षण किया जा रहा है। इस भर्ती परीक्षा में बेरोजगारी का एक गंभीर दृश्य भी देखने को मिला। होमगार्ड के पदों के लिए बड़ी संख्या में पोस्ट ग्रेजुएट और अन्य उच्च शिक्षित युवा कतारों में खड़े नजर आए। अभ्यर्थियों का कहना है कि निजी क्षेत्र में अनिश्चितता और सीमित अवसरों के कारण वे सरकारी क्षेत्र में सेवा करने को प्राथमिकता दे रहे हैं। प्रशासन के अनुसार, अब तक की परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी, शांतिपूर्ण और नकलविहीन संपन्न हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page