
सिकंदराराऊ 24 अप्रैल । यूपी बोर्ड द्वारा घोषित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के परीक्षाफल में झम्मनलाल पवन स्मृति इण्टर कॉलेज के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन किया है। हाईस्कूल की छात्रा लवी यादव ने जिले की ‘टॉप-10’ सूची में दसवां स्थान प्राप्त कर विद्यालय और अपने माता-पिता का गौरव बढ़ाया है। विद्यार्थियों की इस ऐतिहासिक सफलता पर शुक्रवार को विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रबंधक निखिल स्वामी पवन, कंट्रोलर शीतल पवन और प्रधानाचार्य संजीव कुमार ने मेधावी छात्रा लवी यादव सहित अन्य टॉपर बच्चों को फूल-मालाएं पहनाकर और मिठाई खिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया। कॉलेज प्रशासन और शिक्षक गणों ने बच्चों को भविष्य में और ऊंचाइयों को छूने का आशीर्वाद दिया। जिले में स्थान पाने वाली लवी यादव के साथ-साथ तान्या रॉय, दिव्यांशी यादव, महक दिवाकर, तनिष्का, राधिका, साक्षी चौहान, सैमी रॉय, पवित्रा और सोनाक्षी ने भी विद्यालय की ‘टॉप-10’ सूची में जगह बनाई है। इन छात्र-छात्राओं ने तहसील स्तर पर भी उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इस अवसर पर प्रबंधक निखिल स्वामी पवन ने कहा कि यह सफलता बच्चों की कड़ी मेहनत और शिक्षकों के सही मार्गदर्शन का परिणाम है। कॉलेज के समस्त अध्यापकगणों ने भी छात्र-छात्राओं को उनकी इस उपलब्धि पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

























