
हाथरस 23 अप्रैल । थाना सासनी के गांव मिया नगला में खीरे की फसल को नुकसान पहुंचाने से मना करने पर दबंगों ने एक महिला को लाठी-डंडों से पीटा, कपड़े फाड़ दिए और घर में घुसकर तोड़फोड़ की। बचाने आई सास और देवर को भी मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव मिया नगला निवासी प्रीति पत्नी रंजीत कुमार ने तहरीर में बताया कि 17 अप्रैल की शाम वह अपने खेत पर खीरे की फसल की रखवाली कर रही थी। तभी गांव की ही प्रियंका पुत्री चरन सिंह खेत में फसल को नुकसान पहुंचाने लगी। मना करने पर प्रियंका गाली-गलौज करने लगी और डंडे से वार कर दिया, जिससे प्रीति की आंख के नीचे चोट लग गई। प्रीति जब घर लौटी तो प्रियंका ने पीछा कर घर के अंदर घुसकर मारपीट शुरू कर दी। शोर मचाकर उसने अपने भाई जवाहर सिंह और सुनील कुमार को बुला लिया। तीनों ने मिलकर प्रीति को लाठी-डंडों से पीटा, घर में तोड़फोड़ की और उसके कपड़े फाड़ दिए। चीख-पुकार सुनकर बचाने आई प्रीति की सास हंस कुमारी और देवर अवधेश को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा। सास के हाथ में और देवर की आंख पर गंभीर चोट आई है। पीड़िता का आरोप है कि तीनों आरोपी दबंग किस्म के हैं और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
























