Hamara Hathras

Latest News

सासनी 19 अप्रैल । भगवान परशुराम जन्मोत्सव समिति के तत्वाधान में रविवार को सासनी कस्बे में भगवान परशुराम जी का जन्मोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर धार्मिक अनुष्ठान और भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में विप्र समाज के लोगों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ बस स्टैंड स्थित पंडित चेतराम धर्मशाला में विधि-विधान से हवन-यज्ञ और पूजा-अर्चना के साथ हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय, डॉ. विकास शर्मा और ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय ने भगवान परशुराम के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर शोभायात्रा को रवाना किया। कस्बे के मुख्य मार्गों से निकाली गई विशाल शोभायात्रा में बैंड-बाजों की मधुर धुनों के साथ वृंदावन से आई कीर्तन मंडली विशेष आकर्षण का केंद्र रही। शोभायात्रा में भगवान परशुराम के जीवन से जुड़ी भव्य झांकियां सजाई गई थीं, जिनका जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। ‘जय श्री परशुराम’ के जयघोष से पूरा कस्बा भक्तिमय हो उठा। शोभायात्रा पंडित चेतराम धर्मशाला से प्रारंभ होकर कस्बे के प्रमुख बाजारों से गुजरती हुई वापस वहीं पर संपन्न हुई। इस अवसर पर दाऊदयाल शर्मा, बंटी प्रधान, विकास शर्मा ‘विक्की’, रूपेश उपाध्याय, धर्मेंद्र शर्मा, विपिन गौड़, शेट्टी दीक्षित, प्रेम शर्मा, नीलू उपाध्याय, अनिल दीक्षित, अविनाश तिवारी, प्रशांत पाठक, स्वप्निल भारद्वाज और प्रदीप उपाध्याय सहित भारी संख्या में गणमान्य व्यक्ति और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page