
सादाबाद 14 अप्रैल । संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर आज सादाबाद विधानसभा क्षेत्र से बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं का जत्था लखनऊ के लिए रवाना हुआ। सादाबाद के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी डॉ. अविन शर्मा के नेतृत्व में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को बसों व निजी गाड़ियों के माध्यम से लखनऊ स्थित ‘सामाजिक परिवर्तन स्थल’ (गोमती नगर) के लिए रवाना किया गया। इस अवसर पर डॉ. अविन शर्मा ने कार्यकर्ताओं को हरी झंडी दिखाते हुए कहा कि बाबा साहेब के विचार और उनके द्वारा दिखाया गया सामाजिक परिवर्तन का मार्ग ही बहुजन समाज की असली ताकत है। उन्होंने बताया कि लखनऊ में आयोजित भव्य कार्यक्रम में सादाबाद विधानसभा से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे, ताकि बाबा साहेब के मिशन और उनके संकल्पों को और अधिक मजबूती प्रदान की जा सके। रवानगी के समय कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला और पूरा वातावरण ‘जय भीम’ के नारों से गुंजायमान रहा। इस दौरान बसपा के अनेक स्थानीय पदाधिकारी और प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


























