
हाथरस 23 मार्च । आगामी नवरात्रि पर्व के दृष्टिगत आम जनमानस को सुरक्षित एवं शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने हेतु जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। शासन के आदेश और जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मिलावटी पदार्थों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सहायक आयुक्त खाद्य रणधीर सिंह एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में सोमवार को हाथरस शहर और सासनी क्षेत्र में सघन निरीक्षण एवं नमूने लेने की कार्रवाई की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने हाथरस शहर के सासनी गेट स्थित अग्रवाल प्रोविजन स्टोर, गोविंद किराना स्टोर, पथरिया ट्रेडर्स, प्रशांत ट्रेडर्स और राहुल प्रोविजन एंड जनरल स्टोर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकांश प्रतिष्ठानों में स्वच्छता और मानकों का पालन पाया गया। हालांकि, एहतियात के तौर पर अग्रवाल प्रोविजन स्टोर से व्रत में प्रयुक्त होने वाले ‘समा के चावल’ और गोविंद किराना स्टोर से ‘अजंता ब्रांड’ के खाद्य रंग का नमूना जांच हेतु लिया गया।
सासनी की डेयरी से घी और पनीर के नमूने सील
अभियान के अगले चरण में टीम ने सासनी तहसील के विजाहरी रोड स्थित ‘सलीम डेयरी’ पर छापेमारी की। यहाँ से घी और पनीर के नमूने एकत्र किए गए। विभाग द्वारा सभी नमूनों को परीक्षण हेतु खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधितों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
जारी रहेगी छापामार कार्रवाई
टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी पारुल सिंह, करतार सिंह और ओमकार कुशवाहा शामिल रहे। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि त्यौहारों के सीजन में मिलावटखोरी रोकने के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और मानकों के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।


























