
हाथरस 23 मार्च । राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, उ.प्र. कौशल विकास मिशन एवं जिला सेवायोजन कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को सेठ फूलचंद बागला पी.जी. कॉलेज में एक वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर, सादाबाद विधायक प्रदीप कुमार, जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, जिलाधिकारी अतुल वत्स, एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा एवं सीडीओ पी.एन. दीक्षित ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मेले में 26 प्रतिष्ठित कंपनियों ने शिरकत की, जिनमें साक्षात्कार के बाद 1181 अभ्यर्थियों का चयन कर उन्हें ऑफर लेटर प्रदान किए गए।
सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर ने चयनित युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि परिवार के एक भी सदस्य को रोजगार मिलने से पूरे परिवार की दिशा और दशा बदल जाती है। उन्होंने शिक्षा को सपनों को साकार करने का सबसे सशक्त माध्यम बताया और युवाओं से निष्ठा व समर्पण के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने विशेष रूप से गरीब और किसान परिवारों के बच्चों के लिए इसे आत्मनिर्भर बनने का बड़ा अवसर बताया। सादाबाद विधायक प्रदीप कुमार ने कहा कि सरकार युवाओं के लिए रोजगार के निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे सरकारी नौकरी के साथ-साथ निजी क्षेत्र (प्राइवेट सेक्टर) के अवसरों को भी महत्व दें, जहाँ आकर्षक वेतन और बेहतर वातावरण उपलब्ध है। उन्होंने असफल रहे युवाओं को निराश न होने और कमियों को दूर कर पुनः प्रयास करने की सलाह दी। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने चयनित अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि रोजगार मेले से जिले में औद्योगिक वातावरण सुदृढ़ हो रहा है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि जब बेटियां आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनती हैं, तभी वास्तविक सशक्तिकरण संभव है। उन्होंने युवाओं से केवल रोजगार पाने वाला ही नहीं, बल्कि भविष्य में ‘रोजगार देने वाला’ (उद्यमी) बनने की भी अपील की। जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह ने भी 26 कंपनियों द्वारा युवाओं के चयन को एक सराहनीय पहल बताया। कार्यक्रम में सीडीओ पी.एन. दीक्षित, परियोजना निदेशक, एसडीएम सदर, प्राचार्य बागला कॉलेज, आईटीआई प्रधानाचार्य, सहायक निदेशक सेवायोजन अलीगढ़ सहित अन्य अधिकारी व भारी संख्या में युवा उपस्थित रहे। अंत में जिला सेवायोजन अधिकारी ने सभी का आभार व्यक्त किया।


























