Hamara Hathras

Latest News

मथुरा 25 फरवरी । स्वस्थ तन और मन के लिए खेलना बहुत जरूरी है लिहाजा छात्र-छात्राएं नियमित रूप से प्रतिदिन किसी न किसी खेल में जरूर हिस्सा लें। खेलों से हमें चुनौतियों का सामना करने की सीख मिलती है तथा अनुशासन और टीमभावना का विकास होता है। यह सारगर्भित उद्गार केडी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मनेष लाहौरी ने केडी कॉलेज आफ नर्सिंग एण्ड पैरामेडिकल साइंस के चार दिवसीय स्पर्धा-02 के शुभारम्भ अवसर पर छात्र-छात्राओं को सम्बोधित करते हुए व्यक्त किए। स्पर्धा-02 का शुभारम्भ कुलपति डॉ. मनेष लाहौरी, डीन डॉ. आर.के. अशोका, प्राचार्या डॉ. एन.पी. चानू, उप प्राचार्य डॉ. गौरव त्यागी आदि ने मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया। अपने उद्बोधन में कुलपति डॉ. लाहौरी ने कहा कि यदि हमें स्वस्थ रहना है तो खेलों को अपने जीवन का हिस्सा बनाना होगा। शरीर और मन दोनों का स्वस्थ रहना सफलता के साथ आनंदमय जीवन जीने का एक सूत्र है।

केडी मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. आर.के. अशोका ने अपने सम्बोधन में कहा कि विद्यार्थी जीवन में जितना महत्व शिक्षा का है उतना ही जरूरी खेल भी हैं। जीत-हार खेल का हिस्सा है, हार से निराश न हों तथा जीत से घमंड न करें। डॉ. अशोका ने कहा कि खेल हमें समयबद्धता, धैर्य, अनुशासन तथा समूह में कार्य करना सिखाते हैं। उन्होंने सभी टीमों के कप्तानों और प्रतिभागियों को सद्भावना की सीख देते हुए कहा कि यदि हम खेलों का नियमित अभ्यास करें तो जीवन में अधिक सक्रिय और स्वस्थ रह सकते हैं। केडी विश्वविद्यालय के प्रो-चांसलर श्री मनोज अग्रवाल ने अपने संदेश में सभी टीमों के कप्तानों तथा प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को अच्छे प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं। श्री अग्रवाल ने कहा कि खेल अब समय की बर्बादी नहीं बल्कि करिअर को नया मुकाम देने का माध्यम भी हैं। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं से सद्भावपूर्ण माहौल में खेलने का आह्वान किया।

स्पोर्ट्स आफीसर डॉ. सोनू शर्मा ने स्पर्धा-02 की जानकारी देते हुए कहा कि छात्र-छात्राओं को छह ग्रुपों में बांटा गया है। चार दिवसीय स्पर्धा में छात्र-छात्राएं क्रिकेट, शतरंज, वॉलीबाल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, रस्साकशी, कबड्डी, एथलेटिक्स आदि स्पर्धाओं में अपना खेल-कौशल दिखाएंगे। स्पर्धा-02 का शानदार आगाज रस्साकशी प्रतियोगिता से हुआ। खेलों का समापन और पारितोषिक वितरण 28 फरवरी को होगा।

स्पर्धा-02 के समन्वयक डॉ. गौरव त्यागी ने बताया कि चार दिन तक चलने वाली विभिन्न स्पर्धाएं स्पोर्ट्स आफीसर डॉ. सोनू शर्मा, कॉलेज के संकाय सदस्यों नितेश सोगरवाल, तरुषी सोर, दर्शन चतुर्वेदी, हेमंत शर्मा, यशिका शर्मा, प्रियंका, मिली माहौर, शिवानी, लोकेश, अर्पित, एओ अभय शर्मा, नरेन्द्र गोस्वामी, अजीत सिंह आदि की देखरेख और मार्गदर्शन में सम्पन्न होंगी। अंत में केडी कॉलेज आफ नर्सिंग एण्ड पैरामेडिकल साइंस की प्राचार्या डॉ. एन.पी. चानू ने अतिथियों का आभार मानते हुए सभी टीमों के छात्र-छात्राओं से खेलभावना के साथ खेलने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page