
हाथरस 09 फरवरी । हाथरस में राष्ट्रीय सवर्ण परिषद के अध्यक्ष पंकज धवरैया का धरना तीसरे दिन भी लगातार जारी रहा। यह धरना कंचन नगर स्थित उनके आवास के बाहर यूजीसी कानून और एससी-एसटी एक्ट के विरोध में दिया जा रहा है। पंकज धवरैया ने बताया कि तीन दिन पूर्व सवर्ण परिषद व अन्य सवर्ण संगठनों द्वारा हाथरस से दिल्ली तक प्रस्तावित पदयात्रा को प्रशासन द्वारा रोके जाने और पदाधिकारियों को नजरबंद किए जाने के विरोध में उन्होंने धरना शुरू किया था। धरने में निलंबित पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री भी शामिल हुए थे, जो संगठनात्मक कार्यों के चलते अस्थायी रूप से बाहर गए हैं और पुनः धरने में शामिल होने की बात कही गई है। धरना स्थल पर किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा, वहीं खुफिया तंत्र भी सतर्क नजर आया। पंकज धवरैया ने आरोप लगाया कि प्रशासन अन्य संगठनों के कार्यक्रमों को अनुमति दे रहा है, लेकिन उनकी पदयात्रा को रोका गया। उन्होंने घोषणा की कि यह धरना फरवरी माह तक जारी रहेगा और मांगें पूरी न होने पर इसे आमरण अनशन में बदला जाएगा। उन्होंने प्रशासन से पदयात्रा की अनुमति देने अथवा प्रधानमंत्री से मुलाकात कर अपनी मांगें रखने की व्यवस्था कराने की मांग की।

















