Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 25 जुलाई। राजकीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत सामाजिक अधिकारिता शिविर एवं निःशुल्क सहायक उपकरण वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया। इस अवसर पर विधायक सदर अंजुला सिंह माहौर, विधायक सिकंद्राराऊ वीरेंद्र सिंह राणा, अपना दल के जिलाध्यक्ष रवि सारस्वत, जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा एवं मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने कहा कि राष्ट्रीय वयोश्री योजना जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों के जीवन को अधिक सहज, सम्मानजनक और आत्मनिर्भर बनाने का महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने बताया कि जनपद में ब्लॉक स्तर पर शिविर लगाकर पात्र लाभार्थियों का चयन किया गया और दूसरे चरण में 492 लाभार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप कुल 2,656 सहायक उपकरण वितरित किए जा रहे हैं। उन्होंने प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं एलिम्को की सराहना करते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना केंद्र एवं प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सदर अंजुला सिंह माहौर एवं विधायक वीरेंद्र सिंह राणा ने कहा कि सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सहायक उपकरण केवल एक साधन नहीं, बल्कि वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों के आत्मविश्वास और सम्मान को पुनर्स्थापित करने का माध्यम हैं। उन्होंने पात्र लोगों से आगामी शिविरों में पंजीकरण कराकर योजना का लाभ लेने की अपील भी की।

जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि राष्ट्रीय वयोश्री योजना जरूरतमंद लोगों के जीवन में सुविधा और सम्मान प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को तहसील एवं विकास खंड स्तर पर जनसुनवाई आयोजित की जाती है, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर पात्र लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करते हैं। उन्होंने नागरिकों से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और किसी भी समस्या की स्थिति में प्रशासन से संपर्क करने का आह्वान किया। समारोह के दौरान पात्र वरिष्ठ नागरिकों को 288 फोल्डिंग व्हीलचेयर, 451 वॉकिंग स्टिक, 270 श्रवण यंत्र, 116 कमोड चेयर, 24 फोल्डेबल वॉकर, 852 घुटने की बेल्ट, 468 कमर की बेल्ट, 163 कुशन युक्त तकिए, 13 स्पाइनल सपोर्ट, 6 बैसाखियां तथा अन्य आवश्यक सहायक उपकरण वितरित किए गए। कार्यक्रम में जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, लाभार्थी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page