Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 18 मई । बिसावर में ग्रामीणों और घुंघरू व्यवसाय से जुड़े कारीगरों ने क्षेत्रीय विधायक प्रदीप चौधरी का घेराव कर रोडवेज बसों के नियमित संचालन की मांग उठाई। व्यापारियों और कारीगरों ने बताया कि बसों की कमी के कारण उन्हें व्यापार और आवागमन में गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने विधायक को बताया कि पहले उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के आगरा फाउंड्री नगर डिपो से कई बसें बिसावर तक संचालित होती थीं, लेकिन वर्तमान में केवल एक बस सुबह के समय आती-जाती है और उसके लौटने का कोई निश्चित समय नहीं होता। इससे व्यापारियों, छात्रों, मरीजों और आम ग्रामीणों को भारी असुविधा हो रही है। ग्रामीणों के अनुसार बिसावर तथा आसपास की लगभग आधा दर्जन ग्राम पंचायतों के करीब 100 गांवों में चांदी और गिलेट के घुंघरू बनाने का कार्य बड़े पैमाने पर किया जाता है। यहां तैयार घुंघरू आगरा, मथुरा सहित अन्य शहरों में भेजे जाते हैं। अधिकांश कारीगर और व्यापारी अपने उत्पाद रोडवेज बसों के माध्यम से ले जाना अधिक सुरक्षित मानते हैं, क्योंकि निजी साधनों से यात्रा करने पर लूट और चोरी की आशंका बनी रहती है। कारीगरों ने बताया कि पर्याप्त बस सेवाएं उपलब्ध न होने के कारण उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ता है। कई बार देर रात तक सफर करना पड़ता है, जिससे सुरक्षा संबंधी चिंताएं भी बढ़ जाती हैं। उन्होंने मांग की कि सुबह 8 बजे और 10 बजे बिसावर से आगरा के लिए तथा शाम 4 बजे और 6 बजे आगरा से बिसावर के लिए नियमित बस सेवाएं संचालित की जाएं। मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक प्रदीप चौधरी ने तुरंत आगरा क्षेत्रीय प्रबंधक से दूरभाष पर वार्ता की। विधायक ने कहा कि बिसावर क्षेत्र के घुंघरू कारीगर, व्यापारी और ग्रामीण लंबे समय से इस मांग को उठा रहे हैं, इसलिए नियमित समय-सारिणी के अनुसार बसों का संचालन आवश्यक है। इस पर क्षेत्रीय प्रबंधक ने विधायक को आश्वासन दिया कि शीघ्र ही बिसावर तक दो रोडवेज बसों का नियमित संचालन शुरू कराया जाएगा। इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों, व्यापारियों और कारीगरों में राहत और खुशी का माहौल देखा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page