Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 14 सितम्बर। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने ब्रज क्षेत्र के सुप्रसिद्ध श्री दाऊजी महाराज मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और ऐतिहासिक दाऊजी महाराज मेले की परंपरा का शुभारंभ किया। जिलाधिकारी ने भगवान श्री दाऊजी महाराज से प्रार्थना की कि ऐतिहासिक मेला सकुशल, शांतिपूर्ण और निर्विघ्न रूप से संपन्न हो। पूजन के दौरान मंदिर परिसर शंखनाद और घंटों की गूंज से भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। पूजन के उपरांत मंदिर के शिखर पर ध्वज फहराया गया। ध्वजारोहण को दाऊजी महाराज मेले की शुरुआत का महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रतीक माना जाता है। ध्वजारोहण के साथ ही मेले का अनौपचारिक शुभारंभ हो गया। मेले का विधिवत शुभारंभ आगामी 17 सितंबर को देवछठ के दिन किया जाएगा। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने मेला प्रांगण स्थित श्री वेद भगवान मंदिर में भी पूजा-अर्चना की तथा उपस्थित श्रद्धालुओं और जनपदवासियों को गणेश चतुर्थी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान स्कूली छात्राओं एवं स्काउट-गाइड दल ने बैंड की मधुर धुनों के साथ जिलाधिकारी का स्वागत किया। इसके बाद जिलाधिकारी ने रिसीवर कैंप में स्कूली छात्र-छात्राओं को मिष्ठान वितरित किया। मिष्ठान पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे और कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना रहा। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), उप जिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी पुलिस, श्रद्धालु, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार एवं छायाकार तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। धार्मिक आस्था और परंपरा से जुड़े इस आयोजन के साथ दाऊजी महाराज मेले की तैयारियों को भी गति मिल गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page