
लखनऊ 22 अक्टूबर । दीपावली के मद्देनज़र आतिशबाजी व्यापारियों की समस्याओं को लेकर गुरुवार को फ़ायरवर्क्स डीलर्स वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने त्योहार के दौरान व्यापारियों को आ रही विभिन्न समस्याओं से अवगत कराते हुए उनके समाधान की मांग की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि प्रदेश के किसी भी आतिशबाजी व्यापारी का किसी भी प्रकार से उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आतिशबाजी व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएगी और त्योहार के दौरान उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य करेगी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार सभी आतिशबाजी व्यापारियों के साथ खड़ी है। इस दौरान पटाखा व्यवसायी एवं संगठन मंत्री अनुभव अग्रवाल की पुत्री सिद्धि अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को ठाकुर जी की चुनरी प्रसादी भेंट की। प्रतिनिधिमंडल में संगठन मंत्री अनुभव अग्रवाल, अध्यक्ष हेमंत चाँदना, महासचिव महेश गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष वेदप्रकाश गुप्ता, अखिलेश गुप्ता तथा कार्यालय एवं मीडिया प्रभारी राकेश कटारिया मौजूद रहे।









