Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 05 अगस्त। उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय के सभागार में आज समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्राहकों को उत्कृष्ट सेवा प्रदान करने के साथ बैंक के व्यवसाय को बढ़ावा देने और निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया गया। बैठक में शिविर कार्यालय, मुरादाबाद से पहुंचे सहायक महाप्रबंधक अनिरुद्ध सिंह ने क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकारियों एवं चयनित शाखाओं के शाखा प्रबंधकों के साथ बैंक के व्यवसाय, ऋण वितरण, ऋण वसूली, एनपीए नियंत्रण, ग्राहक सेवा एवं डिजिटल बैंकिंग समेत विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक का शुभारंभ क्षेत्रीय प्रबंधक राम शरण वर्मा द्वारा सहायक महाप्रबंधक अनिरुद्ध सिंह का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करने के साथ हुआ। स्वागत उद्बोधन में श्री वर्मा ने क्षेत्रीय कार्यालय हाथरस की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में बैंक द्वारा वित्तीय समावेशन, कृषि ऋण, स्वयं सहायता समूहों के वित्तपोषण एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के बारे में भी विस्तार से बताया।

सहायक महाप्रबंधक अनिरुद्ध सिंह ने आगामी महीनों के लिए निर्धारित व्यावसायिक लक्ष्यों को हासिल करने के लिए अधिकारियों एवं शाखा प्रबंधकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण ऋण वितरण, प्रभावी ऋण वसूली, एनपीए में कमी, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के विस्तार तथा बेहतर ग्राहक सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि टीम भावना, अनुशासित कार्यशैली और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कार्य करने से ही बैंक नई उपलब्धियां हासिल कर सकता है। उन्होंने अधिकारियों एवं शाखा प्रबंधकों को ग्राहकों की आवश्यकताओं को समझते हुए बेहतर एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया। बैठक के दौरान एनपीए नियंत्रण, ऋण वसूली एवं जमा संवर्धन के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली शाखाओं के शाखा प्रबंधकों की सराहना की गई। साथ ही अन्य शाखाओं के अधिकारियों को भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। बैठक के समापन पर क्षेत्रीय प्रबंधक राम शरण वर्मा ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सितंबर 2026 तक निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट ग्राहक सेवा और प्रभावी बैंकिंग व्यवस्था के माध्यम से उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी मिलकर कार्य करें। इस अवसर पर क्षेत्रीय कार्यालय के सभी विभागों के अधिकारी एवं चयनित शाखाओं के शाखा प्रबंधक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page